
शिवपुरी। खनियाधाना पुलिस ने ग्राम बुकर्रा व छिरवाहा में दो युवकों के धर्म परिवर्तन करने के मामले में केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में जो बात निकल कर सामने आई उसके मुताबिक ऐसा प्रतीत हो रहा है कि दोनों युवकों को धर्म परिवर्तन के लिए लालच दिया गया था। हालांकि दोनों युवकों ने पुलिस को दिए अपने बयान में स्वेच्छा से धर्म परिवर्तन की बात स्वीकारी है।
ये है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार गत जनवरी माह में पुलिस को कुछ लोगों ने शिकायतें दर्ज कराई थीं कि ग्राम बुकर्रा खनियाधाना निवासी तुलाराम पुत्र प्रीतम जाटव व छिरवाहा पिछोर निवासी मनीराम पुत्र रघुवर जाटव ने हिन्दू धर्म का त्याग कर मुस्लिम धर्म शासन से अनुमति लिए बिना अपना लिया है। उक्त शिकायतों के आधार पर पुलिस ने जब जांच की तो दोनों लोगों ने धर्म परिवर्तन करना स्वीकार किया। खनियाधाना पुलिस ने इस बात की जानकारी पुलिस अधीक्षक डॉ एमएस सिकरवार को दी। पुलिस अधीक्षक ने अपने अमले को आगामी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। जांच में यह तथ्य उजगार हुए कि मनीराम व तुलाराम जाटव ने धर्म परिवर्तन से पूर्व शासन अथवा प्रशासन से धर्म परिवर्तन की कोई अनुमति नहीं ली थी, जबकि नियमानुसार धर्म परिवर्तन से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य है। शिवपुरी कलेक्टर ने पुलिस को आदेश दिया कि चूंकि धर्म परिवर्तन से पूर्व दोनों लोगों को अनुमति लेनी चाहिए थी लेकिन उन्होंने अनुमति नहीं ली। ऐसे में उनके खिलाफ मप्र धर्म स्वतंत्र अधिनियम 1968 के तहत कार्रवाई की जाए। पुलिस ने तुलाराम जाटव व मनीराम जाटव के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
आरोपियों ने यह दिए बयान
-हमने अपनी स्वेच्छा से मुस्लिम धर्म अपनाया है।
-हम पर धर्म परिवर्तन के लिए किसी ने कोई दबाब नहीं डाला।
-हमने जिले से बाहर जाकर किया धर्म परिवर्तन।
-हमें धर्म परिवर्तन के लिए कोई लालच नहीं दिया गया।
-यह नहीं बताया कि धर्म परिवर्तन क्यों किया।
-तुलाराम का के अनुसार अब उसका नाम अब्दुल करीम है।
-मनीराम के अनुसार अब उसका नाम अब्दुल्ला कुर्रेशी है।
-तुलाराम पेशे से पुताई करने वाला मजदूर है।
-मनीराम एक जनरल स्टोर का संचालन करता है।
समाज से निकाल दिया गया तुलाराम
तुलाराम द्वारा धर्म परिवर्तन किए जाने का उसके परिवार वालों ने जमकर विरोध किया। उसके भाईयों व अन्य परिवारों ने उससे नाता तोड़ दिया। उसे समाज से निकाल दिया गया था।
शपथ पत्र देकर फिर किया धर्म परिवर्तन
पुलिस का कहना है कि तुलाराम ने धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम बनने के बाद एक शपथ पत्र पुलिस को दिया। शपथ पत्र में उसने उल्लेख किया कि उसके द्वारा पूर्व में हिन्दू धर्म त्याग कर मुस्लिम धर्म अपना लिया था, परंतु अब वह मुस्लिम धर्म का पालन नहीं करता। अब उसने फिर से हिन्दू धर्म अपना लिया है।
मनीराम अब भी अब्दुल्ला कुर्रेशी
पुलिस ने दी गई जानकारी में बताया कि मनीराम व उसका परिवार अब भी मुस्लिम धर्म का पालन करते हुए अपना जीवन यापन कर रहा है। सूत्रों की मानें तो समाज ने उसका भी तिरस्कार कर दिया है।
ये है धर्म परिवर्तन का नियम
धर्म परिवर्तन के नियमों की बात करें तो धर्म परिवर्तन से पूर्व संबंधित व्यक्ति को कलेक्टर के यहां धर्म परिवर्तन करने संबंधी सूचना देकर धर्म परिवर्तन की अनुमति लेनी होती है। यदि प्रशासनिक अनुमति मिलती है तो ही वह धर्म परिवर्तन कर सकता है।
इनका कहना है
प्रथम दृष्टया जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि संभवतः लालच देकर धर्म परिवर्तन करवाया गया है। कलेक्टर से अनुमति लेकर दोनों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण कायम कर लिया गया है। आगामी जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. एम एस सिकरवार
पुलिस अधीक्षक, शिवपुरी।