शिवपुरी: अवैध शराब के खिलाफ आदिवासी महिलाओं का फूटा गुस्सा, सड़क पर पत्थर रखकर खोड़-सिरसौद मार्ग किया जाम
महिलाओं की मांग है कि गांव व आसपास अवैध बिक्री पर रोक लगे और बरौदी स्थित कलारी को हटाया जाए।
Publish Date: Mon, 14 Sep 2026 06:26:51 PM (IST)Updated Date: Mon, 14 Sep 2026 06:27:22 PM (IST)
सड़क पर पत्थर लगाकर जाम लगाती महिलाएं। नईदुनियाHighLights
- सड़क पर बोल्डर रखकर ठप किया यातायात
- बरौदी स्थित शराब कलारी हटाने की मांग
- पुलिस की समझाइश के बाद खुला चक्काजाम
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। खोड़ चौकी क्षेत्र के ग्राम नावली में सोमवार सुबह अवैध शराब के खिलाफ आदिवासी महिलाओं का आक्रोश सड़क पर फूट पड़ा। सुबह 7 बजे नावली डैम स्थित शंकर जी मंदिर के पास बड़ी संख्या में महिलाओं और ग्रामीणों ने बोल्डर-पत्थर रखकर खोड़-सिरसौद मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। अचानक हुए जाम से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
जाम लगाने वाली महिलाओं का कहना था कि गांव में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री से माहौल बिगड़ रहा है। युवा नशे की चपेट में आ रहे हैं, घरों में रोज झगड़े हो रहे हैं। कई बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई, इसलिए मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ा।
महिलाओं की मांग बरौदी स्थित कलारी को हटाया जाए
महिलाओं की मांग है कि गांव व आसपास अवैध बिक्री पर रोक लगे और बरौदी स्थित कलारी को हटाया जाए। इधर, चक्का जाम की सूचना पर खोड़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम खुलवाया। खोड़-सिरसौद क्षेत्र में शराबबंदी को लेकर महिलाओं का यह पहला विरोध नहीं है। इसके पहले भी कई गांवों में महिलाएं आंदोलन कर चुकी हैं। लगातार विरोध के बाद भी ठोस कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
कलारी पर प्रदर्शन करने जा रहे थे ग्रामीण: पुलिस
मामले में खोड़ चौकी प्रभारी संजय लोधी ने बताया कि जाम लगाने वाले सभी लोग ग्राम नावली के थे। वे गांव से करीब एक किलोमीटर दूर अमोला थाना क्षेत्र के ग्राम बरौदी में स्थित शासकीय शराब दुकान पर विरोध जताने के लिए एकत्रित होकर जा रहे थे।
पुलिस ने उन्हें गांव में ही रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने सड़क पर ही चक्का जाम कर दिया। करीब एक घंटे की समझाइश के बाद ग्रामीण लौट गए। हालांकि मौके पर मौजूद ग्रामीणों का दावा है कि जाम एक घंटे नहीं, बल्कि दो से तीन घंटे तक चला।