
शिवपुरी (नगर प्रतिनिधि)। शिवपुरी नरवर थानांतर्गत ग्राम बरखाड़ी में एक युवती के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाकर दो युवकों से मारपीट हुई थी और उनके चेहरे पर कालिख पोतकर जुलूस निकाला गया। बाद में पुलिस जांच में छेड़छाड़ का मामला साबित नहीं हुआ। उसके बाद पुलिस ने युवकों की शिकायत पर सात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इनमें से 6 गिरफ्तार भी हो चुके हैं, जबकि सातवां फरार चल रहा है। पीड़ित लड़कों का आरोप है कि उन्हें मैला तक खिलाया गया।
शुक्रवार को ग्राम बरखाड़ी के कुछ लोगों ने गांव की युवती से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए अनुज जाटव व संतोष केवट नाम के दो युवकों के साथ दुर्व्यवहार किया था। आरोपों के मुताबिक ये दोनों युवक, गांव की एक युवती को परेशान कर रहे थे। इन्हें सबक सिखाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से गांव में बुलाया गया और पकड़ कर मारपीट की गई। इसके बाद इनके चेहरे पर कालिख पोतकर और गले में जूते की माला डालकर जुलूस निकाला गया। बाद में इन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस घटना का एक वीडियो भी काफी वायरल हुआ था।
जब पुलिस ने इन युवकों से पूछताछ की, तो युवकों ने छेड़छाड़ से इंकार किया। पुलिस की पड़ताल में भी लड़की के साथ छेड़छाड़ का आरोप सिद्ध नहीं हो पाया। जिस समय घटना हुई युवती वहां मौजूद नहीं थी, युवकों की युवती से केवल फोन पर बात हुई थी। एसपी रघुवंश भदौरिया ने बताया कि इसके बाद युवकों की शिकायत के आधार पर अजमत खान, वकील खान, आरिफ खान, शाहिद खान, इस्लाम खान, रहीशा बानो, साइना बानो के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक आरोपित फरार है।