
शिवपुरी (नईदुनिया प्रतिनिधि)।
भोपाल से एक साल पहले अपने मायके आई एक महिला राखी राजपूत अपनी दो बेटियों रितु व सुरभि राजपूत के साथ पिछले एक साल से लापता है। न तो उसका मायके में उसके बारे में कुछ पता चल रहा है और न ही कहीं और उसका कोई सुराग लग पा रहा है। पिछले एक साल से लापता महिला राखी का पति पूरन सिंह राजपूत पुलिस थानों की ठोकरें खाते-खाते परेशान हो गया है। पीड़ित के अनुसार उसकी पत्नी सहित बेटियों को भोपाल निवासी जीशान नाम के एक युवक ने बहला-फुसला कर अपने चंगुल में फंसा लिया है। पूरन सिंह राजपूत का आरोप है कि जीशान ने उसकी पत्नी व बेटियों का मतांतरण करवा दिया है और उसकी पत्नी से निकाह कर अब किसी अज्ञात स्थान पर उसे अपने साथ रखे हुए है। पूरन के अनुसार उसके पास फोन काल रिकार्डिंग की कई ऑडियो और वीडियो बतौर साक्ष्य मौजूद हैं जिसमें राखी व जीशान के निकाह की बात कबूल की गई है। पूरन का कहना है कि इतना सब होने के बाबजूद पुलिस ने उसकी कोई सुनवाई नहीं की। भोपाल से टीआइ ने उसे पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए शिवपुरी जाने की सलाह दी थी।
पूरन का कहना है कि सेकंड लाकडाउन में जीशन नगर निगम से खाना उठाकर घर-घर बांटने का काम करता था। इसी क्रम में वह उसके घर भी खाना देने आता था और इसी दौरान उसकी पत्नी से नजदीकियां बढ़ गईं। पूरन ने मीडिया को एक वीडियो भी उपलब्ध कराया है। इस वीडियो में राखी एक मंदिर में अपनी दोनों बेटियों और एक युवक के साथ बैठी हुई है। पूरन के अनुसार उक्त युवक जीशान है। राखी और उसकी बेटियां जीशान के सामने हाथ जोड़कर बैठी हुई हैं। राखी रोते हुए जीशान से कह रही है कि मैंने आपके लिए सबको छोड़ दिया है। इस पर युवक उक्त लोगों को आश्वस्त कर रहा है कि आप यहां से शिवपुरी चले जाओ, अब आपको यहां नहीं रहना है।