माधव नेशनल पार्क से खुशखबरी... बाघिन ने दिए 2 शावकों को जन्म, टाइगर परिवार बढ़कर हुआ 11
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि, हमारे संसदीय क्षेत्र शिवपुरी स्थित माधव टाइगर रिजर्व में नन्हे शावकों के आगमन से बाघों की संख्या बढ़कर 11 होना वन्यजीव संरक्षण की दिशा में सुखद उपलब्धि है।
Publish Date: Mon, 26 Oct 2026 08:05:09 AM (IST)Updated Date: Mon, 26 Oct 2026 08:06:00 AM (IST)
शावकों के साथ जंगल में घूमती बाघिन। सौजन्यHighLights
- सिंधिया ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
- बलारपुर रेंज में ट्रैप कैमरे में कैद हुई बाघिन
- पार्क में अब तक कुल 6 शावकों का जन्म
नईदुनिया प्रतिनिधि शिवपुरी। शिवपुरी के माधव नेशनल पार्क में बलारपुर इलाके में एक बाघिन ने दो नन्हे शावकों को जन्म दिया है। रविवार शाम को क्षेत्रीय सांसद और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने खुद सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी और ट्रैप कैमरे की तस्वीरें साझा की हैं।
सिंधिया ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
सिंधिया ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि, हमारे संसदीय क्षेत्र शिवपुरी स्थित माधव टाइगर रिजर्व में नन्हे शावकों के आगमन से बाघों की संख्या बढ़कर 11 होना वन्यजीव संरक्षण की दिशा में सुखद उपलब्धि है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रकृति संरक्षण के प्रयास निरंतर नई ऊंचाइयां छू रहे हैं।
ऐसे तय किया 11 टाइगरों तक का सफर
- 9 अगस्त को भी माधव से ऐसी ही खुशखबरी आई थी, जब बाघिन एमटी-4 अपने दो शावकों के साथ ट्रैप कैमरे में कैद हुई थी। उस समय रिजर्व में बाघों की संख्या 9 बताई गई थी।
- अब बलारपुर में दो नए शावकों के जन्म के बाद आंकड़ा बदल गया है। वन विभाग के मुताबिक अब तक माधव में कुल 6 शावकों का जन्म हो चुका है। एमटी-3 के दो शावक, एमटी-4 के दो शावक और अब बलारपुर वाली बाघिन के दो शावक। शुरुआत में माधव टाइगर रिजर्व में 5 बड़े बाघ-बाघिन लाए गए थे।
- अब माधव में छह शावकों ने जन्म लिया है। इस हिसाब से इनकी संख्या 11 बताई जा रही है। हालांकि इनमें से एमटी-1 पिछले दो साल से लापता है और बांधवगढ़ से लाई गई मादा टाइगर एमटी-6 को कान्फ्लिक्ट टाइगर घोषित कर 1 अगस्त को वन विहार नेशनल पार्क भोपाल भेज दिया गया था।
ऐसे में माधव टाइगर रिजर्व में वास्तविक रूप से वर्तमान में 9 टाइगर हैं।