नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। शिवपुरी जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के ग्राम जोराई में महिला पिंकी पत्नी रामनिवास बघेल सहित उसकी बेटी रुचिका उम्र 4 साल व बेटे आनंद उम्र छह माह के शव गुरुवार की सुबह कुएं में मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
बताया जा रहा है कि घर पर महिला अपने बच्चों के साथ अकेली थी। उसका पति महिला के मायके वालों के साथ खाटू श्याम दर्शन के लिए गया था और रात को ही लौटा था। घटना के समय वह अपनी ससुराल में ही था।
मायापुर थानांतर्गत ग्राम जनकपुर की एक तलाकशुदा महिला को सोशल मीडिया पर करैरा के ग्राम झंडा के रहने वाले एक युवक से प्यार हो गया। इसके बाद दोनों ने साथ रहने का निर्णय किया। आठ माह तक दोनों साथ रहे, लेकिन अचानक से लड़के को वर्ण भेद याद आ गया और वह अपनी छह माह की गर्भवती प्रेमिका को मायके छोड़कर भाग गया। महिला करैरा व मायापुर थाने में न्याय की गुहार लगा चुकी है, परंतु उसकी कहीं कोई सुनवाई नहीं की गई।
अंत में बुधवार को महिला एसपी ऑफिस पहुंची और वहां से भी उसे मायापुर थाने जाने के लिए बोल दिया गया। जानकारी के अनुसार मायापुर निवासी महिला की कुछ साल पहले पिछोर क्षेत्र में शादी हुई थी। वहां पति के साथ तीन साल रहने के बाद दोनों स्वेच्छा से अलग-अलग हो गए। इसके बाद पीड़िता को सोशल मीडिया पर प्रिंस पुत्र लोकेंद्र ठाकुर से प्यार हो गया। पीड़िता महिला के अनुसार प्रिंस ने उससे प्रेम विवाह कर आठ माह तक उसे इंदौर में अपने साथ पत्नी की तरह रखा। इस दौरान वह गर्भवती भी हो गई।
जब पीड़िता को उपचार आदि के लिए आधार कार्ड की जरूरत पड़ी तो प्रिंस उसे आधार कार्ड बनवाने के बहाने उसके गांव छोड़कर भाग गया। अब प्रिंस उससे पल्ला झाड़ रहा है, जबकि वह उसके बच्चे की मां बनने वाली है। वह और उसके स्वजन उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
पीड़िता के अनुसार वह मामले की शिकायत लेकर मायापुर थाने गई तो वहां सिर्फ आवेदन लेकर रख लिया गया कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद वह करैरा थाने पहुंची तो करैरा से उसे यह कह कर लौटा दिया गया कि मामला मायापुर थाने का है।
मायापुर पहुंची तो जांच की बात कह कर भगा दिया गया। अंत में आज पीड़िता एसपी आफिस गुहार लेकर पहुंची, जहां से उसे फिर से मायापुर थाने जाने की सलाह दी गई है। वहीं करैरा टीआइ विनोद छावई ने कहा कि, महिला हमारे यहां आई थी, चूंकि घटना मायापुर थाने की है, इसलिए मैने मायापुर थाना भेज दिया था।