पति की मौत के सदमे में गर्भवती महिला ने 5 साल के बेटे संग कुएं में कूदकर दी जान, बेटी हाथ छुड़ाकर भागी तो बची
बैराड़ थानांतर्गत ग्राम गूगर में गर्भवती महिला ने अपने पांच साल के मासूम बेटे के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली।
Publish Date: Wed, 28 Oct 2026 09:03:44 PM (IST)Updated Date: Wed, 28 Oct 2026 09:07:27 PM (IST)

नईदुनिया न्यूज, बैराड़। बैराड़ थानांतर्गत ग्राम गूगर में बुधवार दोपहर करीब 1 बजे दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक गर्भवती महिला ने अपने पांच साल के मासूम बेटे के साथ खेत के कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली।
मृतकों की पहचान अंजली पत्नी स्व. धरमवीर रावत और उसके बेटे प्रशांत उम्र 5 वर्ष के रूप में हुई है। अंजली गर्भवती थी। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
बेटी ने दी परिवार को सूचना
घटना का खुलासा तब हुआ जब अंजली की बेटी मोनिका भागते हुए घर पहुंची। मृतिका के देवर घनश्याम पुत्र विशुनलाल रावत ने पुलिस को बताया कि भतीजी मोनिका ने आकर बताया कि मम्मी छोटे भाई प्रशांत को लेकर खेत वाले कुएं में कूद गई है।
सूचना मिलते ही रामेश्वर रावत, मोहर सिंह, मदन रावत सहित गांव के लोग कुएं पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत के बाद मां-बेटे को बाहर निकाला और तुरंत बैराड़ अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए शिवपुरी जिला अस्पताल भेजा गया है।
एक महीने पहले हुई थी पति की मौत
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि अंजली के पति धरमवीर की करीब एक महीने पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद से अंजली गहरे तनाव में थी। बुधवार को वह बेटी मोनिका और बेटे प्रशांत को साथ लेकर खेत पर गई थी।
बेटी को भी साथ लेकर कूदना चाहती थी
बैराड़ टीआई रवि चौहान के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि अंजली अपनी बेटी को भी साथ लेकर कूदना चाहती थी, लेकिन मोनिका हाथ छुड़ाकर भाग गई, जिससे उसकी जान बच गई। पीएम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।