नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। शिवपुरी जिले में आबादी क्षेत्रों में मगरमच्छों का घूमते दिखना अब सामान्य बात हो चुकी है। लगभग हर रोज कहीं न कहीं मगरमच्छ निकल रहे हैं। रविवार रात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें सिद्धेश्वर मंदिर मार्ग पर बर्फ फैक्ट्री के पास दो मगरमच्छ घूमते हुए दिखाई दिए हैं। ऐसा लग रहा है मानों दोनों नाइट वॉक पर निकले हों। यहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।
शिवपुरी जिले में हर तालाब, नदियों में मगरमच्छों की भरमार है। सांख्य सागर तालाब, जाधव सागर और भुजरियों का तालाब शहर के आसपास ही स्थित है। इनमें भी मगरमच्छों की संख्या अच्छी खासी है। ये तालाब आसपास के इन नालों से भी जुड़े हुए हैं। सिद्धेश्वर मंदिर मार्ग पर बर्फ फैक्ट्री के पास नाले पर बनी पुलिया पर ही दोनों मगरमच्छ दिखाई दिए हैं।
यहां विष्णु मंदिर के पास स्थित नाले में अक्सर आसपास के कुछ मीट व्यापारी रात में बचे हुए मांस के टुकड़ें नाले में फेंक जाते हैं। इसे खाने के लिए मगरमच्छ यहां पर आ जाते हैं। ऐसे में आशंका यही है कि इसी कारण ये दो मगरमच्छ भी नाले के रास्ते पुलिया तक पहुंच गए होंगे। यहां पुलिया के नीचे बहने वाले नाले में पहले भी मगरमच्छ दिखे हैं, इसलिए नगर पालिका ने जालियां भी लगाई थीं।
हालांकि तब भी मगरमच्छों के क्षेत्र में घूमने के वीडियो सामने आने से लोग सहमे हुए हैं। स्थानीय लोगों को इसके बाद ये दोनों मगरमच्छ दिखाई नहीं दिए हैं, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि ये वापस नाले में चले गए होंगे।