
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। जिले की फिजिकल थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मैरिज ब्यूरो के नाम पर लोगों को ठगने और ब्लैकमेल करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। ग्वालियर और शिवपुरी के लोगों द्वारा संचालित यह गिरोह 'यूनिक रिश्ते डॉट कॉम' और 'शादी मैचिंग डॉट कॉम' जैसी वेबसाइट्स के माध्यम से भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाता था। पुलिस ने मामले में संचालकों और मैनेजरों सहित कई लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।
फिजिकल थाना प्रभारी नम्रता भदौरिया को मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्रियदर्शनी नगर कॉलोनी के एक मकान में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। पुलिस ने तत्काल टीम के साथ वहां दबिश दी और कुछ लड़कियों को पूछताछ के लिए थाने लाई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह का दूसरा बड़ा कार्यालय झांसी तिराहे पर भारत गैस एजेंसी के ऊपर संचालित हो रहा है। जब पुलिस ने दूसरे स्थान पर छापा मारा, तो वहां भी कई लड़कियां मिलीं जो कॉल सेंटर की तरह काम कर रही थीं।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह प्रशासन और पुलिस की नजरों से बचकर अवैध रूप से मैरिज ब्यूरो चला रहा था। ये लोग शादी कराने का झांसा देकर ग्राहकों से क्यूआर कोड के माध्यम से रजिस्ट्रेशन और अन्य शुल्कों के नाम पर मोटी रकम वसूलते थे। पैसा मिलने के बाद ग्राहकों को ब्लैकमेल करने और ठगी करने का सिलसिला शुरू हो जाता था। शिवपुरी प्रशासन के पास इन फर्जी कार्यालयों का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड मौजूद नहीं था।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह के पास से भारी मात्रा में तकनीकी उपकरण बरामद किए हैं। आरोपी देवेश बरैया के कब्जे से 5 एंड्रॉइड मोबाइल फोन और 18 की-पैड वाले मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। इसके अलावा, पुलिस ने कार्यालयों से कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी अपने कब्जे में लिए हैं, जिनका उपयोग ठगी के नेटवर्क को संचालित करने में किया जा रहा था।
यह भी पढ़ें- बालाघाट पुलिस ने सिखाया अनूठा सबक, चोरी के आरोपियों का निकाला जुलूस, पीड़ित के घर ले जाकर मंगवाई माफी
फिजिकल थाना पुलिस ने गिरोह के संचालकों और मुख्य प्रबंधकों के खिलाफ अपराध कायम कर लिया है। नामजद आरोपियों में संचालक विवेक जैन और अमित जैन, मैनेजर देवेश बरैया, निशा राजे, आरती शर्मा, हर्षित यादव और मंजू यादव शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, जिन लड़कियों को पूछताछ के लिए पकड़ा गया था, उन्हें बयान दर्ज करने के बाद छोड़ दिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अब तक कितने लोग इस गिरोह का शिकार हो चुके हैं।