पार्वती-काली सिंध-चंबल लिंक परियोजना: अपडेट डीपीआर दिल्ली भेजी, देश की दूसरी नदी जोड़ो परियोजना में बनेंगे 6 बांध
मध्य प्रदेश ओर राजस्थान के 13 जिलों से जुड़ाव रखने वाली पार्वती काली सिंध और चंबल परियोजना के तहत नदियों को जोड़ने वाले प्रोजेक्ट की अपडेट डीपीआर के त...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 16 Oct 2026 10:47:46 PM (IST)Updated Date: Fri, 16 Oct 2026 10:48:16 PM (IST)
HighLights
- श्योपुर की कूनो नदी पर बनेगा एक बांध
- शिवपुरी, गुना और श्योपुर में 6 नए बांधों का निर्माण
- 91 लघु सिंचाई परियोजनाओं से बदलेगी तस्वीर
भरत शर्मा, नईदुनिया, शिवपुरी। केन-बेतवा लिंक परियोजना के बाद देश की दूसरी पार्वती-काली सिंध-चंबल लिंक परियोजना की अपडेट डीपीआर सेंट्रल वाटर कमीशन दिल्ली की ओर भेजी गई है। हरी झंडी मिलते ही स्थानीय प्रशासन टेंडर जारी कर परियोजना पर काम शुरू कराएगा।
एक बांध श्योपुर के कूनो नदी पर बनेगा
मध्य प्रदेश ओर राजस्थान के 13 जिलों से जुड़ाव रखने वाली पार्वती काली सिंध और चंबल परियोजना के तहत नदियों को जोड़ने वाले प्रोजेक्ट की अपडेट डीपीआर के तहत ग्वालियर-चंबल संभाग के शिवपुरी, गुना और श्योपुर क्षेत्र में छह बांध बनाए जाएंगे। इन बांधों में एक बांध श्योपुर के कूनो नदी पर बनेगा, जिसका लाभ चंबल संभाग के मुरैना जिले को बेहतर रूप से मिल सकेगा। इन बांधों से शिवपुरी गुना, राजगढ़ और श्योपुर जिले की करीब सवा दो लाख हेक्टेयर जमीन का सिंचाई रकबा बढ़ाने की प्लानिंग की गई है।
यहां बनेंगे बांध, इतना क्षेत्र होगा सिंचित
अपडेट डीपीआर के तहत छह बांध बनाए जाएंगे। उनमें गुना जिले के नैनागढ़ में बैराज और धनवारी में बांध बनेगा। इससे करीब 30 हजार हेक्टेयर क्षेत्र सिंचित हो सकेगा। शिवपुरी में कोलारस क्षेत्र के सोनपुर में बांध बनेगा इससे 19 हजार 400 हेक्टेयर जमीन सिंचित होगी। पवा और कटीला बांधों का क्षेत्र बड़ा रहेगा। इन दोनों बांधों से करीब सवा लाख भूमि सिंचाई से जुड़ सकेगी। पवा वाटर फाल से करीब चार किमी दूर बांध आकार लेगा। छठा बांध श्योपुर क्षेत्र की कूनो नदी पर बनेगा। इस बांध से करीब 27 हजार हेक्टेयर क्षेत्र सिंचित होगा।
91 लघु सिंचाई परियोजनाएं भी होंगी तैयार
इस प्रोजेक्ट के तहत 91 लघु सिंचाई परियोजनाएं भी तैयार होंगी। जिनसे किसानों के खेतों में सूखे का संकट दूर हो सकेगा। श्रीमंद माधवराव सिंधिया वृहद सिंचाई परियोजना कूनो काम्पलेक्स के तहत प्रस्तावित की गई रिपोर्ट के अनुसार शिवपुरी, गुना और श्योपुर में आकार लेने वाली प्रोजेक्ट पर करीब 11268 करोड़ रुपये खर्च होंगे। प्रोजेक्ट के तहत बनने वाले बांधों से 789 गांव सिंचाई से जुड़ेंगे।
पार्वती काली सिंध और चंबल नदी जोड़ो परियोजना के तहत अपडेट डीपीआर दिल्ली भेजी गई है। सेंट्रल वाटर कमीशन से हरी झंडी मिलने के बाद प्रोजेक्ट पर काम होगा। प्रोजेक्ट के तहत शिवपुरी, गुना और श्योपुर में छह बांध बनाए जाएंगे। इन बांधों में पवा और कटीला बांध का सिंचाई क्षेत्र का दायरा सबसे बड़ा रहेगा। करीब सवा दो लाख हेक्टेयर से ज्यादा सिंचाई रकबा इन बांधों से जुडेगा। -गिरीश साहू, ईई, पार्वती काली सिंध चंबल परियोजना।