टीकमगढ़ में बड़ी चोरी: पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष के घर से 32 तोला सोना और 5 लाख नकद पार
वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने उस कमरे को बाहर से बंद कर दिया था जिसमें पीड़ित के स्वजन सो रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है।
Publish Date: Thu, 15 Oct 2026 10:01:52 PM (IST)Updated Date: Thu, 15 Oct 2026 10:02:21 PM (IST)
वारदात के बाद घर में बिखरा पड़ा सामान। नईदुनियाHighLights
- कमरे की कुंडी बाहर से बंद की
- ग्वालियर गए थे परिवार के लोग
- कुएं के पास मिला खाली बक्सा
नईदुनिया न्यूज, टीकमगढ़/ बल्देवगढ़। जिले के बलदेवगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत इमलाना बस स्टैंड के पास रहने वाले भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष सुंदर तिवारी के घर बुधवार-गुरुवार की रात चोरों ने धाव बोल दिया। जहां चोरों ने घर में रखा 32 तोला सोना, तीन किलो चांदी और पांच लाख रुपये नकद पार कर दिए। वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने उस कमरे को बाहर से बंद कर दिया था जिसमें पीड़ित के स्वजन सो रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है।
दोनों बेटों को घर छोड़कर पत्नी का स्वास्थ्य खराब होने के कारण गए थे ग्वालियर
जानकारी के अनुसार पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष सुंदर तिवारी पत्नी का स्वास्थ्य खराब होने के कारण उन्हें दिखाने बुधवार को ग्वालियर गए हुए थे। घर पर उनके दोनों बेटे विवेक और अंकित, दो बेटियां और 90 वर्षीय बुजुर्ग मां मौजूद थीं, जो अपने-अपने कमरों में सो रही थीं।
गुरुवार अलसुबह 5:00 बजे बड़े बेटे विवेक तिवारी ने जब कमरे से बाहर निकलने के लिए दरवाजा खोलना चाहा, तो पाया कि कमरा बाहर से बंद था। इसके बाद उन्होंने छोटे भाई अंकित को फोन कर दरवाजा खोलने को कहा तो पता चला कि अंकित के कमरे का दरवाजा भी बाहर से कुंडी लगाकर बंद किया गया था।
किसी तरह दरवाजा खोलकर बाहर आने पर उन्होंने देखा कि पिताजी के कमरे का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है और अंदर रखा जेवरात का बक्सा गायब है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
पीड़ित स्वजन के मुताबिक बक्से में लगभग 32 तोला सोने के पैतृक और बहू के जेवरात, लगभग तीन किलो चांदी के आभूषण और 5 लाख रुपये की नकदी रखी हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स को बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कराया गया।
पुलिस की छानबीन के दौरान घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर एक कुएं के पास खाली बक्सा और जेवरात रखने वाले डिब्बे पड़े मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है।
देर शाम घर लौटने के बाद पूर्व मंडल अध्यक्ष सुंदर तिवारी ने थाने में लिखित आवेदन देकर पूरी घटना का विस्तृत ब्यौरा दर्ज कराया। हालांकि पुलिस 30 लाख का माल पार होना ही बता रही है।