
टीकमगढ़। शहर मुख्यालय पर जारी सेना भर्ती रैली के तीसरे दिन पकड़े गए चारों अभ्यर्थियों पर पुलिस ने गुरुवार को एफआईआर दर्ज की है। एएसपी सुरेन्द्र कुमार जैन ने बताया कि मौसीम, अमजद, मनीष और कपिल फर्जी दस्तावेजों से रैली में शामिल होने का प्रयास कर रहे थे। इनके निवास का पता पुलिस लगाने मेें जुटी है।
चारों पर धारा 420, 467, 468, 471 भादंवि के तहत मामला दर्ज किया गया है। इनमें से एक आवेदक गाजियाबाद का निवासी है। तीन अन्य की जानकारी पुलिस जुटा रही है।
वहीं रैली को लेकर चौथे दिन कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन, एसपी कुमार प्रतीक व अन्य अफसरों ने मैदान पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को रैली स्थल पर हरसंभव व्यवस्थाएं बनाने के निर्देश दिए।
ढोंगा मैदान पर सेना भर्ती रैली में गुरुवार को भिंड, दतिया और अशोक नगर से आए अभ्यर्थी शामिल हुए। पांच हजार से अधिक पंजीकृत अभ्यर्थी ढोंगा मैदान पहुंचे। लगभग 3500 अभ्यर्थी दौड़े। 380 आवेदक पात्र पाए गए। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने बताया है कि ऑनलाइन आवेदन करने वाले टीकमगढ़ जिले के सभी इच्छुक युवाओं को सूचित किया गया है।
बताया कि सीधी भर्ती के तहत अलग-अलग पदों के हिसाब से भर्ती की तारीख सुनिश्चित की गई है। टीकमगढ़ जिले के युवाओं के लिये सोल्जर जीडी की भर्ती के लिए 11 फरवरी तथा सोल्जर ट्रेडमैन की भर्ती के लिए 12 फरवरी को भर्ती सुनिश्चित की गई है।