ओरछा। नईदुनिया न्यूज
पर्यटन नगरी ओरछा में आयोजित होने वाले श्रीराम जानकी विवाह महोत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर नरेंद्र सिंह रघुवंशी ने पुलिस अधीक्षक तुषारकांत विद्यार्थी के साथ मंदिर के प्रधान पुजारी रमाकांत शरण महाराज की मौजूदगी में अधिकारियों एवं नागरिकों के साथ बैठक ली। इस दौरान सभी विभाग के कर्मचारियों अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में कोरोना संक्रमण के मद्देनजर राम विवाह के दौरान मंडप के दिन होने वाले पंगत को स्थगित किए जाने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम की साजसज्जा संस्कृति विभाग द्वारा की जाएगी एवं बारात के पूरे मार्ग में रंगोली की सजावट की जाएगी तथा जानकी मंदिर पर विशेष फूलों की सजावट,लाइटिंग,झंडे, माध्यम संस्था द्वारा किया जाएगा। बारात के मार्ग घर घर दीपक जलाएं जाएंगे। मन्दिर परिसर से दुकानों को व्यवस्थित किया जाएगा। श्रीरामराजा मन्दिर परिसर, जानकी मंदिर, चतुर्भुज मन्दिर पर एलईडी पर रामजी का लाइव दिखाया जाएगा।
बैठक के बाद कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी, तहसीलदार संदीप शर्मा, सीएमओ प्रताप सिंह खेंगर ने अधिकारियों के साथ बारात मार्ग का भ्रमण करने के बाद रामराजा मंदिर प्रांगण में अव्यवस्थित तरीके से रखीं दुकानों को हटवाया। राम की नगरी ओरछा में सदियों से मनाए जाने वाले राम जानकी विवाह महोत्सव को लेकर नगर सहित बुंदेलखंड के लोगों में भारी उत्साह है। लेकिन प्रशासन ने कोरोना गाइडलाइन के मद्देनजर विवाह महोत्सव को छोटे स्तर पर करना प्रस्तावित है। इस बर्ष मंदिर प्रबंधन श्रीराम जानकी विवाह महोत्सव पर मंडप के दिन होने वाली पंगत को नहीं करने का निर्णय लिया गया है। श्रद्धालुओं को केवल प्रसाद वितरित किया जाएगा। 7 से 9 दिसंबर तक आयोजित इस पारंपरिक विवाह महोत्सव की मंदिर प्रबंधन और जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इस पावन महोत्सव की मंगल बेला पर धार्मिक नगरी को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा जगह-जगह तोरण द्वार और मंगल कलश सजेंगे।
धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ओरछा में श्रीराम जानकी विवाह महोत्सव का शुभारंभ 6 दिसंबर को को गणेश पूजन के साथ होगा और 7 दिसम्बर को यजमान के रूप में कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा मंदिर के प्रधान पुजारी रमाकांत शरण महाराज व मंदिर के पुरोहित पं वीरेन्द विदुवा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत मंडपाच्छादन पूजन किया जाएगा। 8 दिसम्बर को रात्रि 8 बजे ढोल नगाड़े, गाजेबाजों और राजशी ठाटबाट के साथ श्री रामराजा सरकार की बारात राजशी वैभव के साथ निकलेगी। वरयात्रा के मंदिर से निकलते ही सशस्त्र पुलिस बल द्वारा दूल्हा बने राजा राम को गॉर्ड ऑफ़ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद श्रीराम जी अपने छोटे भाई लक्ष्मण जी के संग पालकी में विराजमान होकर पुर वासियों को दर्शन देते हुए नगर मुख्य चौराहे पर स्थित जनक भवन मंदिर के लिए निकलेंगे।