ओरछा। नईदुनिया न्यूज
अमृत महोत्सव के तहत सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों व बीएसएफ के जवानों द्वारा पर्यटन नगरी ओरछा के कंचनाघाट से महात्मा गांधी की जन्म जयंती पर राजघाट दिल्ली तक निकाली जा रही साईकिल रैली को मुख्य अतिथि एल मोहंती भारतीय पुलिस सेवा अतिरिक्त महानिदेशक अकादमी सीमा सुरक्षा बल टेकनपुर, निवाड़ी एसपी टी विद्यार्थी, विधायक अनिल जैन, अपर कलेक्टर एसके अहिरवार ने रैली को झण्डी दिखा कर रवाना किया। यह रैली महात्मा गांधी की जन्म जयंती पर राजघाट दिल्ली पहुंचेगी। कार्यक्रम की शुरुआत नगर के सनराईज पब्लिक हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा देश भक्ति से ओत प्रोत गीतों की प्रस्तुति के साथ हुई। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का छात्राओं द्वारा गुलदस्ते भेंट कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर विपिन पॉथरी महानिरीक्षक सहायक प्रशिक्षण केंद्र सीमा सुरक्षा बल टेकनपुर ने बताया कि भारत की स्वतंत्रता दिवस की 75 वी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव पूरे देश मे मनाया जा रहा है और भारत सरकार द्वारा बीएसएफ को इस महा उत्सव के तहत बहुत सारी गतिविधियां करने की जिम्मेदारी दी गई हैं। जिसे बीएसएफ निर्वाहन कर रही हैं। ओरछा के कंचना घाट से राजघाट दिल्ली तक की साईकिल रैली उसी श्रृंखला का हिस्सा हैं।उन्हौने कहा कि 21वी सदी का भारत आत्मनिर्भरता की तरफ कदम बढ़ा रहा है। कोरोना काल मे यह विश्व के सामने सिद्ध भी हो गया हैं कि आत्मनिर्भर भारत ने मानवता को महामारी के संकट से निकालने एवं वैक्सीन के निर्माण में एक प्रत्यक्ष उदाहरण प्रस्तुत किया है। भारत की उपलब्धियां आज सिर्फ हमारी नहीं है, बल्कि यह पूरी दुनिया को रोशनी दिखाने वाली हैं तथा मानवता की पूरी उम्मीद जगाने वाली हैं। विधायक अनिल जैन ने बीएसएफ द्वारा अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में साइकिल रैली के आयोजन को लेकर कहा कि यह साइकिल रैली इस पावन धरती से शुरू होकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के समाधि स्थल राजघाट पर लगभग 475 किमी की दूरी तय कर पहुँचेगी। यह रैली पूरे देश मे भाई चारा, एकता एवं अखण्ड भारत का संदेश देगी। इसके साथ साथ यह रैली एक भारत श्रेष्ठ भारत, ग्रीन विलेज क्लीन विलेज, फिट इंडिया, आत्मनिर्भर भारत तथा हम फिट तो इंडिया फिट का संदेश भी देशवासियों को देने का कार्य करेगी। कार्यक्रम में मुख्य रूप से बीएसएफ के अधिकारी, कर्मचारी, मीडिया कर्मी, अध्यापक उपस्थित रहे।