
नईदुनिया प्रतिनिधि, टीकमगढ़। शहर के भगतनगर इलाके में मंगलवार देर रात एक घटना सामने आई। देवी पंडाल में मोबाइल पर गाने बजाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें एक 22 वर्षीय युवक की धारदार हथियार तलवार से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित को रात में ही हिरासत में ले लिया है।
मृतक की पहचान 22 वर्षीय राजेंद्र वंशकार के रूप में हुई है, जिसके घर के पास ही आरोपी कैलाश अहिरवार का घर भी है। दोनों पक्षों के बीच पहले से भी कुछ विवाद की बात सामने आई है। मंगलवार रात देवी पंडाल में कैलाश अपने मोबाइल पर गाने बजाने की जिद कर रहा था। इसी दौरान राजेंद्र द्वारा गाने बजाने पर कैलाश आगबबूला हो गया और गुस्से में अपने घर से तलवार निकालकर ले आया। उसने राजेंद्र पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में राजेंद्र के सिर, पीठ और हाथ पर गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी हालत बिगड़ गई। स्वजन आनन-फानन में उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. अश्वनी बामोरिया ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी चंद्रजीत सिंह यादव ने बताया कि आरोपी कैलाश अहिरवार को रात में ही हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। बुधवार को पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।