22 साल पुरानी रंजिश में बेटे के सामने पिता की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी टीकमगढ़ पुलिस
इस सनसनीखेज वारदात के पीछे 22 साल पुराना जमीन विवाद सामने आया है। घटना सुबह आठ बजे की है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
Publish Date: Fri, 23 Oct 2026 06:28:52 PM (IST)Updated Date: Fri, 23 Oct 2026 06:29:28 PM (IST)
घटना स्थल पर जांच करती पुलिस। नईदुनियाHighLights
- घर के बाहर खड़े पिता पर चलाईं तीन गोलियां
- अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
- 22 साल पुराने जमीन विवाद से जुड़ा मामला
नईदुनिया प्रतिनिधि, टीकमगढ़। दिगौड़ा थाना क्षेत्र के बिजरावन रोड पर शुक्रवार सुबह एक पिता की उसके बेटे के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार दो हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए।
वारदात के पीछे जमीन विवाद आया सामने
इस सनसनीखेज वारदात के पीछे 22 साल पुराना जमीन विवाद सामने आया है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
बेटा बोला- बाइक से आए तो युवक और पिता पर चला दी गोलियां
मृतक के बेटे विशाल अहिरवार ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे उनके पिता तुलसी अहिरवार (50) घर के बाहर खड़े होकर किसी से बात कर रहे थे। उसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए दो युवक वहां पहुंचे। हमलावरों की पहचान सैराई गांव निवासी अनिकेत लोधी (24) और टपरियन निवासी शिवाजी ठाकुर (25) के रूप में हुई है, जिनके चेहरे पूरी तरह खुले हुए थे। दोनों ने बिना किसी बातचीत के उनके पिता पर अचानक गोलियां चला दीं और बाइक से फरार हो गए।
पुलिस ने घायल तुलसी को पहुंचाया अस्पताल, इलाज के दौरान मौत
वारदात की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल तुलसी अहिरवार को तुरंत जिला अस्पताल लेकर आई। डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि अस्पताल लाए जाने के समय वे लगभग अचेत अवस्था में थे। बताया गया कि उनके पेट, बाएं पैर की जांघ और दाएं पैर में कुल तीन गोलियां लगी थीं। जांच में पेट के दाईं ओर गोली लगने और पीछे से निकलने के निशान मिले। उन्हें तुरंत आईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने और गंभीर हालत के चलते उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तीन लोगों पर मामला दर्ज
दिगौड़ा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि इस मामले में शिवाजी राजा, नारायणदास और अनिकेत समेत तीन लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या की मुख्य वजह पुरानी रंजिश है। वर्ष 2004 में जमीन को लेकर तुलसी अहिरवार और मुख्य आरोपित शिवाजी ठाकुर के पिता तुलसी ठाकुर के परिवारों के बीच मारपीट हुई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों पर मामले दर्ज किए गए थे।
घटना के बाद आरोपी पक्ष वहां से चला गया था, लेकिन उनका दिगौड़ा आना-जाना लगा रहता था। फिलहाल पुलिस पुराने केस के रिकार्ड खंगाल रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।