ओरछा में दिग्गी का भाजपा पर हमला, कहा- हजारों वर्षों से हैं भगवान राम, किसी दल के आने से नहीं बने
पूर्व मुख्यमंत्री ने उज्जैन के महाकाल मंदिर और ओरछा के रामराजा सरकार मंदिर में हुई कथित चोरी की घटनाओं का जिक्र करते हुए चंदे की हेराफेरी के आरोप लगाए।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 08:17:16 AM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 08:17:42 AM (IST)
पार्थिव शिवलिंग का निर्माण करते पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह। नईदुनियाHighLights
- मंदिरों में चंदे की हेराफेरी पर सख्त कार्रवाई की मांग
- रामराजा सरकार की कृपा से हुआ था बेटे जयवर्धन का जन्म
- पत्नी अमृता सिंह संग किया पार्थिव शिवलिंग पूजन
नईदुनिया प्रतिनिधि, ओरछा (टीकमगढ़)। सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के साथ ओरछा पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने गुरुवार सुबह श्रीरामराजा सरकार के दर्शन किए। पूजा अर्चना के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि हिंदुत्व कोई धर्म नहीं बल्कि केवल एक पहचान है, जबकि हमारा वास्तविक धर्म सनातन है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भगवान राम अनंत हैं और हजारों वर्षों से विद्यमान हैं, न कि किसी राजनीतिक दल के आने के बाद अस्तित्व में आए हैं।
मंदिरों में अनियमितता के आरोपियों पर सख्त कार्रवाई
पूर्व मुख्यमंत्री ने उज्जैन के महाकाल मंदिर और ओरछा के रामराजा सरकार मंदिर में हुई कथित चोरी की घटनाओं का जिक्र करते हुए चंदे की हेराफेरी के आरोप लगाए। रामराजा मंदिर के खजाने की जांच के लिए गठित समिति की निष्पक्षता पर संदेह जताते हुए उन्होंने आशंका व्यक्त की, कि समिति में आरएसएस से जुड़े लोग शामिल होंगे। दिग्विजय सिंह ने मांग की कि मंदिरों में अनियमितता के आरोपितों पर सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने ग्रामीणों से भाजपा नेताओं के गांव में प्रवेश का विरोध करने की बात कही। दिग्विजय सिंह ने बेतवा नदी के कंचना घाट पर पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर पूजन-अर्चना की। इस दौरान पत्नी अमृता सिंह भी साथ रहीं। ओरछा में दिवसीय विश्राम बाद यह यात्रा उत्तर प्रदेश के लिए रवाना होगी।
रामराजा सरकार की कृपा से मिला बेटा
दिग्विजय सिंह ने रामराजा सरकार की महिमा और अपनी आस्था से जुड़ा एक किस्सा साझा किया। बताया कि यह वाकया वर्ष 1985 के आसपास का है, जब वे ओरछा आए थे। उस समय कांग्रेस के विधायक रामरतन चतुर्वेदी थे। चतुर्वेदी ने उनसे कहा कि उन्होंने रामराजा सरकार से विनती की है कि हमारे राजा (दिग्विजय सिंह) के चार बेटियां (मोड़ी) हैं, अब एक बेटा (मोड़ा) भी होना चाहिए।
दिग्विजय सिंह ने इसे ईश्वर का संयोग और चमत्कार बताते हुए कहा कि इसके बाद ही उनके घर जयवर्धन सिंह का जन्म हुआ। उसके बाद वे जब भी अकेले मंदिर पहुंचे, उन्हें हर बार पट बंद ही मिले।
इस पर रामरतन चतुर्वेदी ने उनसे कहा कि पत्नी और बेटे को साथ लेकर नहीं आएंगे, तब तक दर्शन नहीं होंगे। इसके बाद त्नी और पुत्र जयवर्धन को साथ लेकर ओरछा पहुंचे, तो उन्हें मंदिर के पट खुले मिले और सपरिवार दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ।