ओरछा: रामराजा की नगरी से कांग्रेस पर बरसे सीएम मोहन यादव, बोले- तुष्टीकरण ने समाज को बांटा
सीएम मोहन यादव ने बुंदेलखंड के विकास के संदर्भ में केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना को ऐतिहासिक सौगात बताया। कहा कि इससे सिंचाई, पेयजल, उद्योग और बिजली के क्षेत्र में बुंदेलखंड को लाभ मिलेगा।
Publish Date: Mon, 31 Aug 2026 08:27:26 PM (IST)Updated Date: Mon, 31 Aug 2026 08:32:51 PM (IST)
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक को संबोधित करते हुए। नईदुनियाHighLights
- मुस्लिम लीग से समझौते और वर्ग संघर्ष की राजनीति पर हमला
- केन-बेतवा लिंक परियोजना से बदलेगी बुंदेलखंड की तस्वीर
- जहांगीर महल का नाम 'वीर सिंह महल' करने का दिया संकेत
बलराम सोनी, नईदुनिया, ओरछा। रामराजा सरकार की नगरी ओरछा में भाजपा की मध्य प्रदेश कार्यसमिति के समापन सत्र में सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। कहा कि कांग्रेस ने पहले मुस्लिम लीग के साथ समझौता किया और आज भी केरल में मुस्लिम लीग के साथ समझौता कर सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार समाज में वर्ग संघर्ष बढ़ाने का काम कर रही है और सत्ता हासिल करने के लिए समाज को बांटने से पीछे नहीं हटती।
वह तुष्टीकरण की राजनीति का सहारा लेती रही है। इसके विपरीत भाजपा का लक्ष्य समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ना है। भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास’ और सामाजिक समरसता की भावना से काम कर रही है।
भाजपा का रास्ता सामाजिक समरसता और विकास का
डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर प्रदेश और देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाना है। भाजपा सामाजिक समरसता के आधार पर आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों को इसी सोच का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने अलग-अलग वर्षों को विशेष प्राथमिकताओं के लिए समर्पित किया है। वर्ष 2025 को ‘उद्योग वर्ष’ और 2026 को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है।
वहीं 2027 को माता-बहनों के सशक्तिकरण और कल्याण के लिए समर्पित करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना को महिला सशक्तिकरण का उदाहरण बताया। उन्होंने दो साल में ढाई लाख पदों पर भर्ती का लक्ष्य बताते हुए सरकारी रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड के विकास के संदर्भ में केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना को ऐतिहासिक सौगात बताया। कहा कि इससे सिंचाई, पेयजल, उद्योग और बिजली के क्षेत्र में बुंदेलखंड को लाभ मिलेगा। बोले- कांग्रेस के लंबे शासनकाल में बुंदेलखंड में पलायन और पिछड़ेपन की समस्या बनी रही, जबकि भाजपा सरकार क्षेत्र को समृद्धि की दिशा में ले जाने का प्रयास कर रही है।
रामराजा लोक से बदलेगी ओरछा की तस्वीर
रामराजा लोक के विकास कार्यों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि ओरछा की ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान को संरक्षित रखते हुए यहां विकास को गति दी जा रही है। ओरछा की विरासत को संवारने के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि बुंदेला कालीन स्थापत्य और ओरछा की ऐतिहासिक पहचान को बरकरार रखते हुए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएं।
जहांगीर महल का नाम वीर सिंह महल करने के संकेत
प्रदेश कार्यसमिति में हिस्सा लेने से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रामराजा सरकार के दर्शन किए और रामराजा लोक में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जहांगीर महल का नाम वीर सिंह महल करने के संकेत दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेला राजाओं की स्थापत्य कला और समृद्ध विरासत को संरक्षित करते हुए विकास कार्य किए जाएं। उन्होंने सीमेंट के बजाय चूने से निर्माण को प्राथमिकता देने की बात कही। निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा भी मौजूद रहे।
खास बातें
- रामराजा के दरबार में भाजपा ने 2028-29 के रण का शंखनाद किया।
- बूथ मजबूत करने के लिए भाजपा की नजर अब यूथ पर
- जेन-जी और जेन-अल्फा को साधने का नया सियासी मंत्र खोजेगी भाजपा।
- 14 साल बाद ओरछा में जुटी भाजपा, सत्ता की अगली पारी के लिए संगठन का रोडमैप तैयार।
- केन-बेतवा के विरोध पर कांग्रेस को घेरने की रणनीति, सिंचाई विस्तार को गांव-गांव पहुंचाएगी भाजपा।
- यूसीसी पर कांग्रेस को घेरा, मुख्यमंत्री बोले-मुस्लिम समाज को वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया।
- जहांगीर महल का नाम बदलकर वीर सिंह महल करने के संकेत।
- बुंदेला विरासत से भाजपा की राजनीतिक विरासत तकख, कार्यसमिति हाल में इतिहास का संदेश।