
ओरछा(नईदुनिया न्यूज)। बालीवुड फिल्मों के जाने-माने कॉमेडी किंग अभिनेता राजपाल यादव सोमवार को ओरछा पहुंचे। यहां उन्होंने श्रीरामराजा मंदिर में पूजा-अर्चना कर दरबार में माथा टेका। इसके बाद उन्हें देखकर मंदिर में उनके फैंस की भीड़ उमड़ पड़ी। फैंस ने उनके साथ सेल्फी ली। धार्मिक नगरी ओरछा एक पर्यटन स्थल होने के कारण हमेशा लोगों से गुलजार रहती है।
यहां कई सारे पर्यटन स्थलों को घूमने के लिए देशभर से लोग आते हैं। इसी बीच सोमवार सुबह मशहूर कामेडियन राजपाल यादव भगवान श्रीरामराजा सरकार के दर्शन करने के लिए ओरछा पहुंचे। भूल-भूलैया 1 और 2 समेत कई फिल्मों में अपने अभिनय से लोगों का दिल जीतने वाले मशहूर कामेडियन राजपाल यादव को देखकर उनके चाहने वालों की भीड़ लग गई, सभी उनके साथ सेल्फी लेने लगे। राजपाल यादव ने भगवान रामराजा सरकार के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया। मंदिर पहुंचने के बाद उन्होंने भगवान की पूजा-अर्चना की और ध्यान लगाया। लगभग आधे घंटे तक मंदिर में रहे। राजपाल यादव एक फिल्म की शूटिंग के लिए ओरछा आए हैं। यहां उन्होंने आकर सबसे पहले भगवान का आशीर्वाद लिया।
उनके फैंस ने मंदिर परिसर में अभिनेता का फूलमालाओं से स्वागत किया।