ओरछा में खजाने का ताला तोड़ने की अफवाहें खारिज, प्रशासन ने वीडियो दिखाकर साफ की स्थिति
मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों और पत्रकारों के सामने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी चलाई और हर एक पहलू को स्पष्ट किया।
Publish Date: Tue, 24 Nov 2026 10:57:39 AM (IST)Updated Date: Tue, 24 Nov 2026 11:04:53 AM (IST)
सोशल मीडियाHighLights
- 2 नवंबर के निरीक्षण का वीडियो फुटेज दिखाया गया
- पुजारियों ने भी नियम के तहत कार्रवाई की पुष्टि की
- कीमती वस्तुओं के पंजीयन व डबल लॉक व्यवस्था का उद्देश्य
नईदुनिया न्यूज, ओरछा। श्रीरामराजा सरकार मंदिर के खजाने से इंटरनेट मीडिया पर चल रही अफवाहों पर अब विराम लग गया है। 2 नवंबर को हुए प्राथमिक निरीक्षण के दौरान खजाने का ताला तोड़ने और छेड़छाड़ करने की चर्चाओं को जिला प्रशासन ने सिरे से खारिज कर दिया है।
मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों और पत्रकारों के सामने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी चलाई और हर एक पहलू को स्पष्ट किया।
बैठक में 2 नवंबर को किए गए निरीक्षण का दिखाया गया वीडियो
बैठक में 2 नवंबर को किए गए निरीक्षण का वीडियो फुटेज दिखाया गया, जिसमें हर जगह की स्थिति और वहां हुई कार्रवाई का ब्योरा दिया गया। इस दौरान मंदिर के प्रधान पुजारी रमाकांत दीक्षित व सहायक पुजारी अजय तिवारी ने भी सामने आकर स्थिति साफ की।
दोनों पुजारियों ने बताया कि निरीक्षण के वक्त वे खुद मौके पर मौजूद थे और पूरा काम तय नियम-कायदों के तहत ही हुआ है।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई जाने वाली नई सामग्री और कीमती वस्तुओं का सही हिसाब-किताब रखने, पुराने रिकार्ड से मिलान कर उनका पंजीयन करने और उन्हें डबल लाक व्यवस्था में सुरक्षित रखने के मकसद से यह कदम उठाया गया है। प्राथमिक निरीक्षण सिर्फ आगे की बड़ी कार्रवाई के लिए इंतजाम और योजना समझने के लिए किया गया था।