Shri Ram Vivah Mahotsav: ओरछा में श्रीराम विवाह महोत्सव 15 दिसंबर से, श्रीरामराजा सरकार की बरात निकलेगी
Shri Ram Vivah Mahotsav: मंदिर व्यवस्थापक एवं तहसीलदार सुमित कुमार गुर्जर ने बताया कि श्रीराम जानकी महोत्सव का शुभारंभ 15 दिसंबर शुक्रवार को गणेश पूजन ...और पढ़ें
By Hemant Kumar UpadhyayEdited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Sun, 10 Dec 2023 06:52:21 PM (IST)Updated Date: Sun, 10 Dec 2023 06:52:21 PM (IST)

Shri Ram Vivah Mahotsav: नईदुनिया न्यूज, ओरछा । बुंदेलखंड की अयोध्या के नाम से विख्यात राजा राम की नगरी ओरछा में 15 से 17 दिसंबर तक पारंपरिक श्री राम विवाह महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस मंगल बेला पर धार्मिक नगरी को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा। जगह-जगह तोरण द्वार और मंगल कलश सजाए जाएंगे।
गणेश पूजन के साथ होगा शुभारंभ
मंदिर व्यवस्थापक एवं तहसीलदार सुमित कुमार गुर्जर ने बताया कि श्रीराम जानकी महोत्सव का शुभारंभ 15 दिसंबर शुक्रवार को गणेश पूजन के साथ होगा। 16 दिसम्बर को यजमान के रूप में कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा द्वारा मंदिर के प्रधान पुजारी रमाकांत शरण महाराज, मंदिर के पुरोहित पं वीरेन्द विदुवा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत मंडपाच्छादन पूजन किया जाएगा।
रामराजा धर्मशाला में विशाल पंगत
इसके बाद स्थानीय रामराजा धर्मशाला में विशाल पंगत खुला भंडारा शाम 5 बजे से प्रारम्भ होगा, जिसमें बुंदेलखंड के प्रसिद्ध व्यंजनों को प्रसाद के रूप भंडारे में परोसा जाएगा। 17 दिसम्बर को रात्रि 8 बजे घोड़े-हाथी ढोल-नगाड़े, गाजेबाजों और राजसी ठाठ-बाट के साथ
श्री रामराजा सरकार की बारात निकलेगी।
दूल्हा बने राजा राम को गार्ड आफ आनर देंगे
वरयात्रा के मंदिर से निकलते ही सशस्त्र पुलिस बल द्वारा दूल्हा बने राजा राम को गार्ड आफ आनर दिया जाएगा। श्रीराम जी अपने छोटे भाई लक्ष्मणजी के संग पालकी में विराजमान होकर नगर के प्रमुख प्राचीन मार्गों पुरावासियों दर्शन देते हुए नगर मुख्य चौराहे पर स्थित जनक भवन मंदिर के लिए निकलेंगे। बारात में राजशी प्रतीक चिन्ह पंखा, तिकोना, छड़ी, मशाल आदि सरकार की पालकी के साथ चलेंगे। नगर के हर द्वार पर दूल्हा बने राजाराम का पारम्परिक बुन्देली वैवाहिक मंगल गीत गायन करते तिलक किया जाएगा।