ओरछा के श्रीरामराजा मंदिर की समय-सारणी में बदलाव, आज से सुबह 9 बजे बाल भोग आरती के साथ खुलेंगे दरबार
शरद पूर्णिमा के दूसरे दिन से मंदिर के दरबार खुलने और बंद होने का समय बदलने की परंपरा है।
Publish Date: Tue, 27 Oct 2026 09:10:36 AM (IST)Updated Date: Tue, 27 Oct 2026 09:11:07 AM (IST)
HighLights
- आज से लागू हुआ नया समय
- दोपहर 1 और रात 9:30 बजे बंद होंगे पट
- ठंड के मौसम को देखते हुए बदला नियम
नईदुनिया प्रतिनिधि, टीकमगढ़/ ओरछा। धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ओरछा के विश्व प्रसिद्ध श्रीरामराजा मंदिर में दर्शन और आरती की समय-सारणी में 27 अक्टूबर से परिवर्तन कर दिया गया है। शरद पूर्णिमा के दूसरे दिन से मंदिर के दरबार खुलने और बंद होने का समय बदलने की परंपरा है।
दरबार सुबह 9 बजे बाल भाग आरती के साथ खुलेगा
मंदिर के प्रधान पुजारी पं. रमाकांत शरण महाराज ने बताया कि अब ठंड के मौसम को देखते हुए श्रीरामराजा सरकार का दरबार सुबह 9 बजे बाल भोग आरती के साथ खुलेगा और दोपहर 1 बजे राज भोग आरती के बाद बंद किया जाएगा। इसके बाद शाम को दरबार 7 बजे संध्या आरती के साथ खुलेगा और रात साढ़े 9 बजे ब्यारी शयन आरती के बाद श्रीरामराजा सरकार शयन करेंगे।
मंदिर की प्राचीन परंपरा के अनुसार हर वर्ष गर्मी और बारिश के 8 महीनों फाल्गुन से अश्विन मास की शरद पूर्णिमा तक दरबार खुलने का समय सुबह 8 बजे रहता है, जिसमें दोपहर साढ़े 12 बजे राज भोग आरती और रात साढ़े 10 बजे शयन आरती होती है।