• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • दिवाली पूजन 2026
  • होम
  • मध्य प्रदेश
  • टीकमगढ़

श्रीरामराजा सरकार के खजाने का ताला टूटने की खबर भ्रामक, जिला प्रशासन ने दी सफाई, डबल लॉक सुरक्षित

प्रारंभिक निरीक्षण में संपूर्ण कार्यवाही की निरंतर वीडियोग्राफी की गई।

By Digital DeskEdited By: Rajdil Shivhare
Publish Date: Tue, 17 Nov 2026 09:23:14 AM (IST)Updated Date: Tue, 17 Nov 2026 09:24:14 AM (IST)
  • को पसंदीदा स्रोत बनाएं preferred source google
श्रीरामराजा सरकार के खजाने का ताला टूटने की खबर भ्रामक, जिला प्रशासन ने दी सफाई, डबल लॉक सुरक्षित

HighLights

  1. खजाना सुरक्षित, ताला तोड़ने की खबर भ्रामक
  2. छह सदस्यीय दल ने किया प्रारंभिक निरीक्षण
  3. पारदर्शिता के लिए डिजिटल हो रही व्यवस्थाएं

डिजिटल डेस्क, निवाड़ी (टीकमगढ़)। ओरछा स्थित श्रीरामराजा मंदिर के खजाने का ताला तोड़े जाने, बिना निर्धारित प्रक्रिया के खजाना खोले जाने अथवा किसी प्रकार की अनियमितता किए जाने संबंधी विभिन्न समाचार माध्यमों में फैलाया जा रहा समाचार पूर्णतः भ्रामक, तथ्यहीन एवं वास्तविकता से परे हैं।

जिला प्रशासन ने किया स्पष्ट खंडन

जिला प्रशासन इन समाचारों का स्पष्ट खंडन करता है। वस्तुस्थिति यह है कि खजाने के कक्ष का प्रारंभिक निरीक्षण विधिवत प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत किया गया। इस दौरान न तो ताले को कोई क्षति पहुंचाई गई और न ही उसके साथ किसी प्रकार का अनधिकृत हस्तक्षेप किया गया। खजाने का ताला पूर्ववत सुरक्षित है तथा खजाने में रखी किसी भी सामग्री के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है।


वर्ष 2017 में हुआ था खजाने का अंतिम सत्यापन

उल्लेखनीय है कि श्रीरामराजा मंदिर के खजाने का अंतिम सत्यापन वर्ष 2017 में किया गया था। वर्ष 2017 तक की संधारित सामग्री क़ो निर्धारित व्यवस्था के तहत डबल लॉक में सुरक्षित रखा गया है। वर्ष 2017 के पश्चात श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर में अर्पित की गई नई सामग्री एवं बहुमूल्य वस्तुओं का अलग से रिकॉर्ड तैयार किया जाना तथा उसका विधिवत सत्यापन एवं पंजीयन किया जाना आवश्यक था।

नई सामग्री के सत्यापन की प्रक्रिया प्रारंभ

इसी अवधि में प्राप्त नई सामग्री का उपलब्ध अभिलेखों से मिलान कर उसका अद्यतन विवरण तैयार करने के उद्देश्य से यह नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। इस कार्यवाही का उद्देश्य मंदिर की संपत्ति का उचित संरक्षण, नई प्राप्त सामग्री का प्रमाणिक रिकॉर्ड तैयार करना तथा संपूर्ण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।

6 सदस्यीय जांच दल ने किया प्रारंभिक निरीक्षण

खजाने के सत्यापन की प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के लिए कलेक्टर एवं श्रीरामराजा मंदिर प्रबंधन समिति की अध्यक्ष जमुना भिंडे द्वारा विधिवत आदेश जारी कर छह सदस्यीय जांच दल का गठन किया गया है।

समिति ने बैठक के पश्चात खजाने के कक्ष का प्रारंभिक निरीक्षण किया । निरीक्षण का उद्देश्य आगामी सत्यापन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता तथा कार्ययोजना का आकलन करना था।

संपूर्ण प्रारंभिक कार्यवाही की वीडियोग्राफी, विधिवत पंचनामा तैयार

प्रारंभिक निरीक्षण में संपूर्ण कार्यवाही की निरंतर वीडियोग्राफी की गई। साथ ही विधिवत पंचनामा भी तैयार किया गया। यह संपूर्ण प्रक्रिया मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित रामाकांत दीक्षित जी के समक्ष संपन्न कराई गई।

इस दौरान तहसीलदार ओरछा, जो श्रीरामराजा मंदिर प्रबंधन समिति के व्यवस्थापक भी हैं, उपस्थित रहे। निरीक्षण के पश्चात कक्ष को विधिवत बंद कर ताले को पूर्ववत सुरक्षित रखा गया।

वर्तमान में ओरछा में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए मंदिर की नियमित व्यवस्थाओं एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। खजाने का विस्तृत सत्यापन आवश्यक तैयारियों एवं अनुकूल समय निर्धारित कर गठित जांच दल के माध्यम से विधिवत कराया जाएगा।

मंदिर की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता के लिए डिजिटल पहल

श्रीरामराजा मंदिर की व्यवस्थाओं को अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं आधुनिक बनाने के उद्देश्य से विभिन्न डिजिटल एवं ऑनलाइन सुविधाएं प्रारंभ की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए क्यूआर कोड एवं बारकोड के माध्यम से गूगल पे, फोनपे सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से भुगतान की व्यवस्था की गई है।

राजभोग, प्रसाद एवं पोशाक की रसीद एवं बुकिंग ऑनलाइन उपलब्ध है। मंदिर में प्राप्त होने वाली चढ़ोतरी एवं दान को भी डिजिटल भुगतान व्यवस्था से जोड़ा गया है । मंदिर के भुगतानों को पहले ही ऑनलाइन किया जा चुका है तथा अब आय-व्यय एवं अन्य अभिलेखों के कंप्यूटरीकरण की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा रही है।

नियमित रूप से होने वाले दान राशि के सत्यापन, प्रविष्टि एवं रिकॉर्ड संधारण को भी डिजिटल प्रणाली से और अधिक व्यवस्थित बनाया जाएगा। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य प्रत्येक प्राप्ति एवं लेन-देन का प्रमाणिक रिकॉर्ड उपलब्ध कराना तथा सत्यापन की प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाना है।

मंदिर की संपत्ति की सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की आस्था सर्वोपरि

  • जिला प्रशासन पुनः स्पष्ट करता है कि श्रीरामराजा मंदिर की संपत्ति एवं श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान की सुरक्षा, उचित अभिलेखीय संधारण और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है।
  • खजाने के कक्ष का निरीक्षण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया गया है। अतः ताला तोड़ने, अनधिकृत रूप से खजाना खोलने अथवा किसी प्रकार की अनियमितता किए जाने संबंधी फैलाया जा रहा समाचार पूर्णतः भ्रामक एवं तथ्यहीन हैं।
  • आमजन एवं श्रद्धालुओं से अपील है कि अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें। जिला प्रशासन मंदिर की गरिमा, श्रद्धालुओं की आस्था एवं मंदिर की संपत्ति की सुरक्षा के लिए सभी कार्यवाहियां पूरी पारदर्शिता एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुनिश्चित कर रहा है।

एक क्लिक पर पढ़ें मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें। Hindi News पढ़ें। MP News, Chhattisgarh news, आज का राशिफल और आज का मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पढ़ें।