
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस- माधव कालेज की 336 खिड़कियां कबाड़ में बेचने का मामला अब और उलझ गया है। करीब पांच लाख रुपये में बेची गई इन खिड़कियों के टेंडर में जिस जानू स्टील ट्रेडर्स का नाम सामने आया, उसी फर्म ने अब पंजीयन के दुरुपयोग का आरोप लगा दिया है। फर्म का कहना है कि वह केवल नया माल बेचती है और किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके पंजीयन का इस्तेमाल कर टेंडर प्रक्रिया और भुगतान कराया।
सवाल यह है कि यदि फर्म का पंजीयन इस्तेमाल हुआ तो टेंडर किसने भरा, भुगतान किसने किया और कॉलेज से खिड़कियां किसने उठाईं। शुक्रवार को लोकायुक्त कार्यालय में प्राचार्य डॉ. कल्पना सिंह और शिकायतकर्ता अधिवक्ता डॉ. बबलू खिची के बयान दर्ज होने के बाद ये सवाल जांच के केंद्र में आ गए हैं।
शिकायतकर्ता ने लोकायुक्त को बताया कि जिस भवन की खिड़कियां बेची गईं, उसका पूर्णता प्रमाण पत्र लोक निर्माण विभाग ने 17 अक्टूबर 2022 को जारी किया था। यानी भवन के निर्माण के करीब चार साल बाद ही खिड़कियों को कबाड़ घोषित कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने 336 खिड़कियों का अनुमानित वजन 21840 किलो बताते हुए नए लोहे के हिसाब से करीब 24 लाख रुपये कीमत आंकी है। उनका आरोप है कि इतनी कीमत की सामग्री लगभग पांच लाख रुपये में बेच दी गई। यह आकलन शिकायतकर्ता का है, जिसका सत्यापन जांच में होना है।
यह भी पढ़ें- उज्जैन के माधव कॉलेज में गणेश प्रतिमा चोरी का आरोप, छात्रों ने प्रिंसिपल की टेबल पर लड्डू रख उतारी आरती
शिकायत में टेंडर के दस्तावेजों पर भी सवाल उठाए गए हैं। 4 अगस्त 2026 को जारी ऑफलाइन निविदा में चार फर्मों ने हिस्सा लिया था। शिकायतकर्ता के अनुसार जानू स्टील ने 25.65 रुपये प्रति किलो की दर दी थी। लेकिन फर्म के पंजीयन दस्तावेज में पता 13/2 खजूरवाली मस्जिद और नाम रिजवान अली दर्ज है, जबकि कोटेशन में 20 गौतम मार्ग, केडी गेट और नाम इरशाद हुसैन लिखा है। शिकायतकर्ता ने इस अंतर को संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की है।