
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन : खोदाई के दौरान एक किलो सोना मिलने का झांसा देकर तीन युवकों ने मंदसौर के किसान से 20 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने किसान को सोने के दो मोती नमूने के तौर पर दिखाए थे।
किसान ने गांव में सुनार से उनकी जांच कराई तो वे असली निकले। इसके बाद किसान को आरोपितों की बात पर भरोसा हो गया और वह रकम लेकर उज्जैन पहुंच गया। यहां आरोपित रुपये लेकर फरार हो गए। नीलगंगा थाना पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की है।
पुलिस के अनुसार रमेश पुत्र धन्ना गायरी निवासी ग्राम नांदवेल भावगढ़ मंदसौर किसान है। एक अक्टूबर को वह जावरा मंडी में मैथी बेचने गया था। वहां उसकी मुलाकात दो युवकों और एक महिला से हुई। बातचीत के दौरान उन्होंने अपना नाम मानसिंह, सागर राठौर और सोनिया राठौर बताया था।
युवकों ने खुद को उज्जैन में जेसीबी मशीन से खोदाई का काम करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि खोदाई के दौरान उन्हें एक किलो सोना मिला है, जिसे वे बाजार में नहीं बेच सकते। इसके बदले उन्होंने 40 लाख रुपये मिलने पर सोना देने की बात कही।
आरोपितों ने रमेश को भरोसा दिलाने के लिए सोने के दो मोती दिए और उनकी जांच कराने को कहा। रमेश ने गांव में सुनार से मोतियों की जांच कराई तो वे असली निकले। इससे उसे युवकों की बात पर भरोसा हो गया। इसके बाद आरोपितों ने उसे उज्जैन बुलाया और सौदा 20 लाख रुपये में तय कर लिया।
25 अक्टूबर को रमेश अपनी पत्नी देवबाई और बेटी पूजा धनगर के साथ 20 लाख रुपये लेकर उज्जैन पहुंचा। आरोपितों ने फोन पर संपर्क कर उसे नानाखेड़ा क्षेत्र स्थित शांति पैलेस चौराहे पर वृंदावन होटल के पास बुलाया। यहां बातचीत में उलझाकर आरोपित उससे 20 लाख रुपये लेकर भाग निकले। काफी देर तक उनके नहीं लौटने पर रमेश को ठगी का अहसास हुआ। उसने स्वजन को जानकारी देने के बाद नीलगंगा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- सोने-चांदी का हंडा देकर ठगे 6 लाख रुपये, बेलगहना पुलिस ने कोटा व मुंगेली से दबोचे 6 शातिर ठग, खाकी पर भी दाग