
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन : धार्मिक-पर्यटन नगरी उज्जैन में श्री महाकालेश्वर मंदिर आने वाले देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम प्रवास के लिए एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की महत्वाकांक्षी योजना के तहत हरिफाटक रोड पर निर्माणाधीन यूनिटी मॉल के ठीक सामने अत्याधुनिक और सर्वसुविधायुक्त ‘महाकाल भक्त निवास’ का निर्माण कराया जाएगा।
इस परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने ठेकेदार चयन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। कहा गया है कि महीनेभर में ठेकेदार तय कर 365 दिन यानी सालभर में निर्माण पूरा कराया जाएगा।
हरिफाटक रोड जैसे प्रमुख मार्ग पर बनने वाला यह नया भक्त निवास महाकाल महालोक और महाकालेश्वर मंदिर दर्शन के लिए आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए बेहद सुविधाजनक साबित होगा। मंदिर समिति और यूडीए की इस संयुक्त पहल का मुख्य उद्देश्य शहर में आने वाले श्रद्धालुओं को किफायती, सुरक्षित और उच्च स्तरीय आवासीय व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
इस विशाल परियोजना की अनुमानित लागत 18 करोड़ 81 लाख रुपये तय है। योजना के तहत बनने वाली यह बहुमंजिला इमारत केवल एक साधारण भवन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। चरणबद्ध यहां कुल 2200 कमरों का होटल तैयार होगा।
प्रोजेक्ट के अंतर्गत मुख्य भवन निर्माण के साथ-साथ इमारत में श्रद्धालुओं के आरामदायक प्रवास के लिए संपूर्ण एयर कंडीशनिंग (एसी) सिस्टम स्थापित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, आपातकालीन सुरक्षा के तहत अत्याधुनिक अग्निशमन (फायर फाइटिंग) प्रणाली, इलेक्ट्रिकल नेटवर्क, पावर बैकअप, प्लंबिंग और अन्य सभी आवश्यक सहायक निर्माण कार्य एक ही एकीकृत योजना के तहत पूरे किए जाएंगे।
महाकाल महालोक के भव्य निर्माण के बाद उज्जैन में श्रद्धालुओं की आवक कई गुना बढ़ चुकी है। ऐसे में यह भक्त निवास देश-विदेश और दूर-दराज से आने वाले तीर्थयात्रियों तथा मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए वरदान साबित होगा। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से सीधी और सुगम कनेक्टिविटी होने के कारण श्रद्धालुओं को ठहरने के लिए शहर में भटकना नहीं पड़ेगा। उन्हें एक ही छत के नीचे सुरक्षित, स्वच्छ, आधुनिक और एसी सुविधाओं से युक्त किफायती ठहराव मिल सकेगा।
महाकाल भक्त निवास के विशाल परिसर में मुख्य आवासीय इमारतों की नींव और बिल्डिंग खड़ी करने से पहले क्षेत्र का बुनियादी ढांचा पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। परिसर तक पहुंचने के लिए चौड़ी सड़कें, जल निकासी के लिए मजबूत नाली तंत्र का ढांचा पहले ही तैयार किया जा चुका है। बाउंड्रीवाल और भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण जारी है। बुनियादी सिविल वर्क पूरा होने के बाद अब मुख्य भवनों का काम गति पकड़ेगा।
यह भी पढ़ें- महाकाल मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ होटल बुकिंग के नाम पर ठगी, पुलिस ने बंद करवाईं 11 और फर्जी वेबसाइटें