
उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। शिप्रा नदी किनारे कार्तिक पूर्णिमा से लगने वाला पारंपरिक कार्तिक मेला रविवार से शुरू हो गया है। इस बार करीब 17 दिन की देरी से मेला प्रारंभ हुआ है। व्यापारियों का कहना है कि नगर निगम को इस बार मेले की अवधि बढ़ानी चाहिए। मेले में खान-पान, जरूरत के सामान, श्रृंगार की 700 से अधिक दुकानें और 21 झूले लगे हैं। हालांकि फिलहाल ग्राहकी कम ही है। व्यापारियों ने कारण, झूले और दुकानें लगाने के लिए जगह का आवंटन देरी से होना और दो दिन शहर का मौसम खराब रहना बताया। कहा कि निगम प्रशासन को मेले की अवधि बढ़ाना चाहिए। पूर्व घोषित कार्यक्रम अनुसार मेला 17 दिसंबर तक ही लगाया जाना है। अवधि बढ़ाने के लिए अभी कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। मेले में हर साल जो सांस्कृतिक, साहित्यिक प्रस्तुतियां व खेल प्रतियोगिता होती है, वो भी नहीं हुई हैं। उम्मीद है अगले कुछ दिनों में मेले में अच्छी ग्राहकी होगी।
निगम को हुई 21 लाख रुपये कमाई, बीमा पर 60 हजार रुपये खर्चे
मेला लगाने से निगम को 21 लाख रुपये की आय मेले में दुकान व झूलों के लिए स्थल आवंटन से हुई है। दुकान का आवंटन 1250 से 1500 रुपये में मेला अवधि के लिए किया गया है। प्राप्त आय में से 60 हजार रुपये का मेले का बीमा कराया है।
इधर, हस्तशिल्प मेले में उमड़ी भीड़
रविवार को हस्तशिल्प मेले में ग्राहकों की अच्छी भीड़ रही। लोगों ने खान पान के साथ यहां खरीदारी का लुत्फ उठाया। सर्वाधिक बिक्री हाथ से निर्मित आर्टीफिशियल ज्वेलरी, कपड़ों और घर के सजावटी सामान की हुई। यहां लगे झूलों में झूला झूल बच्चों ने भी खूब आनंद उठाया।