
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। घोड़े का सौदा 17 हजार रुपये में हुआ तो खच्चर 25 हजार और गधा 26 हजार रुपये में बिका। नगर निगम द्वारा आयोजित परंपरागत पशुधन मेले में मंगलवार को पशुओं की खरीदी-बिक्री के ऐसे कई सौदे आकर्षण का केंद्र रहे। विभिन्न स्थानों से पहुंचे पशु व्यापारियों और पशुपालकों की मौजूदगी में मेले का समापन महापौर मुकेश टटवाल और समिति संयोजक कैलाश प्रजापत की उपस्थिति में हुआ।
इस अवसर पर नगर निगम ने पशु व्यापार को प्रोत्साहित करने के लिए क्रेता-विक्रेताओं का स्वागत-सम्मान किया और उन्हें 5100 रुपये की प्रोत्साहन राशि के प्रतीकात्मक चेक भेंट किए।
मेले में हुए प्रमुख सौदों में पहला सौदा शांति नगर निवासी गुड्डू काका ने किया। उन्होंने जानसापुरा निवासी गजानंद से 17 हजार रुपये में घोड़ा खरीदा। दूसरे सौदे में भोपाल निवासी नर्मदा ने श्याम गुर्जर से 25 हजार रुपये में खच्चर खरीदा। तीसरे सौदे में राजू भाई ने कन्हैया प्रजापति से 26 हजार रुपये में गधा खरीदा।
इन सौदों में गधे की कीमत सबसे अधिक रही। मेले में सुरेश कालू गुजराती 500 से अधिक पशुओं को लेकर पहुंचे थे। नगर निगम ने उनके योगदान को देखते हुए विशेष सम्मान किया। वहीं स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर पशु प्रतियोगिता के तहत घोड़ों, खच्चरों और गधों की खरीदी-बिक्री करने वाले व्यापारियों को 5100 रुपये की प्रोत्साहन राशि के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए।
यह भी पढ़ें- पशुपालकों के लिए अच्छी खबर: मप्र में 27 अक्टूबर से गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता, मिलेगा ₹1 लाख तक का इनाम
नगर निगम का यह मेला पशुपालकों और व्यापारियों के लिए खरीदी-बिक्री का परंपरागत मंच रहा। इसमें अलग-अलग स्थानों से आए पशु व्यापारियों को अपने पशुओं के सौदे करने का अवसर मिला। समापन अवसर पर पार्षद छोटेलाल मंडलोई, सहायक आयुक्त प्रफुल्ल गठरे सहित पशुमालिक उपस्थित रहे।