महिदपुर के भाजपा विधायक चौहान का एक और विवादित बयान
महिदपुर के भाजपा विधायक बहादुरसिंह चौहान ने किसान आंदोलन को लेकर एक और विवादित बयान दिया है।
By
Edited By:
Publish Date: Sat, 17 Jun 2017 09:27:22 PM (IST)
Updated Date: Mon, 19 Jun 2017 03:18:32 PM (IST)

महिदपुर/उज्जैन। महिदपुर के भाजपा विधायक बहादुरसिंह चौहान ने किसान आंदोलन को लेकर एक और विवादित बयान दिया है। उन्होंने मंच से कहा- मंदसौर में कौन-सा पहाड़ टूट पड़ा कि किसानों ने थाना जला दिया। पुलिसवालों को मारा। आखिर में गोली चलाना पड़ी, जिसमें किसान मारे गए। बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
विधायक गुरुवार को महिदपुर तहसील परिसर में कृषि विभाग के किट वितरण समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि तीन किसान सीआरपीएफ ने मारे। इसके बाद किसान थाना जलाने लगे। पुलिस पर पेट्रोल डालने लगे। सुरक्षा में गोली चलाना पड़ी, जिसमें तीन किसान और मारे गए। बाद में एक और किसान की अस्पताल में जान चली गई।
चौहान ने कहा कि इस घटना से प्रदेश ही नहीं पूरे हिंदुस्तान में हाहाकार मच गया जबकि 2003 से पहले मुलताई में 18 मारे गए। वहां किसानों की मांग जायज थी, फिर भी दिग्विजयसिंह सरकार ने आंदोेलन को दबाने के लिए गोलियां चलवा दीं। आखिर आज कौन सी बात है।
विधायक ने कहा कि अब व्यापारी बंद कर रहे हैं। जीएसटी उन्हें सांप नजर आ रहा है। व्यापारियों को बंद नहीं करना चाहिए। गौरतलब है कि गुरुवार को ही विधायक चौहान ने एक बयान में किसानों को लालची कहा था, जिस पर खासा बवाल मचा था।
मुझे इस बारे में कुछ नहीं कहना
सार्वजनिक मंच से विवादित बोल को लेकर नईदुनिया ने जब विधायक से चर्चा करनी चाही तो उन्होंने इस मसले पर कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।