उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। जीवाजीगंज थाना क्षेत्र की गीता कालोनी में गुरुवार रात शरारती तत्वों ने देश विरोधी नारे लगाए। पुलिस ने करीब 20 लोगों के खिलाफ राजद्रोह का केस दर्ज करते हुए आठ नामजद आरोपितों में सात को गिरफ्तार कर लिया है। एडीजी योगेश देशमुख, एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ल, एएसपी अमरेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने खाराकुआं थाने में बैठकर वीडियो फुटेज खंगाले और नारेबाजी करने वालों की पहचान की। एएसपी अमरेंद्रसिंह ने बताया कि गुरुवार रात मोहर्रम के उपलक्ष्य में गीता कालोनी स्थित बड़े साहब के यहां मुस्लिम धर्मावलंबी दर्शन करने पहुंचे थे। वहां सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात था। भीड़ को देखकर पुलिसकर्मी व्यवस्था बना रहे थे। इस दौरान वहां मौजूद करीब 20 युवाओं ने देश विरोधी नारे लगाना शुरू कर दिए। इनमें पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे भी लगाए गए। बताया जा रहा है कि तालिबान जिंदाबाद के भी नारे लगे। हालांकि पुलिस इससे इन्कार कर रही है।
तालिबानी मानसिकता बर्दाश्त नहीं : शिवराज
घटना पर मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि तालिबानी मानसिकता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी आवश्यक कदम हैं, वे उठाए जाएंगे। अपवाद को छोड़ दें तो भारत का हर नागरिक देशभक्त है, लेकिन जो भी तालिबानी मानसिकता का समर्थन करेगा या राष्ट्र विरोधी गतिविधि करने का प्रयास करेगा, उसे कुचल दिया जाएगा।
गीता कालोनी, खजूर वाली मजिस्द क्षेत्र में बल तैनात
मजिस्द क्षेत्र में बल तैनात हंगामे की सूचना पर रात को भारी पुलिस बल गीता कालोनी, खजूर वाली मजिस्द क्षेत्र में तैनात कर दिया गया था। जीवाजीगंज पुलिस ने जफर उर्फ डैनी आटोवाला, राजू लाइटवाला, अज्जू, शानू सब्जीमंडी वाला और तीन अन्य को गिरफ्तार कर लिया है। इनके सहित 20 लोगों के खिलाफ राजद्रोह की धारा 124 ए, 153 बी, 188 के तहत केस दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि शेष आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।