
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन : नाबालिग से यौन उत्पीड़न के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम हाईकोर्ट से पैरोल मिलने के बाद उज्जैन पहुंचे हैं। वे यहां स्वास्थ्य लाभ लेने के लिए शासकीय धन्वंतरि आयुर्वेदिक चिकित्सालय में पंचकर्म पद्धति से उपचार करवा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि वे दो दिन से अस्पताल में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। आसाराम के उज्जैन आने की जानकारी मिलते ही अंकपात रोड स्थित उनके आश्रम में अनुयायियों का पहुंचना शुरू हो गया है। वे शरद पूर्णिमा तक उज्जैन में रुक सकते हैं। इससे पहले भी मार्च 2025 में वे उपचार के लिए उज्जैन आए थे।
गुरुवार सुबह आसाराम का काफिला शासकीय धन्वंतरि आयुर्वेदिक चिकित्सालय पहुंचा। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, वे करीब एक से डेढ़ घंटे तक यहां रुके। शुक्रवार को भी उनके उपचार के लिए अस्पताल पहुंचने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि पंचकर्म की प्रक्रिया करीब एक सप्ताह तक चलेगी और इसके लिए उन्हें रोजाना अस्पताल आना होगा। चिकित्सालय के डॉ. नरेंद्र मिश्रा उनका उपचार कर रहे हैं। वहीं, आसाराम के उज्जैन में रुकने की खबर के बाद आश्रम में अनुयायियों की आवाजाही बढ़ने लगी है।
उज्जैन : चिंतामन थाना क्षेत्र के ग्राम एरवास निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार अर्जुन पुत्र नाथूलाल चौधरी उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम एरवास बुधवार को पगड़ी के कार्यक्रम में शामिल होने गया था। रात में लौटते समय नायताखेड़ी और पड़ल्या के बीच सड़क पर वह मृत अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर स्वजन मौके पर पहुंचे।
अर्जुन के भाई गणेश ने आरोप लगाया कि तीन दिन पहले गांव में रहने वाले चार लोगों से उसका विवाद हुआ था। गणेश ने इन्हीं लोगों पर अर्जुन के साथ घटना करने का संदेह जताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।