
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। आगर रोड स्थित फायर ब्रिगेड के कार्यालय में घुसकर वार्ड 16 के भाजपा पार्षद व उसके साथियों ने हंगामा किया और फायर आफिसर के साथ मारपीट की। इसके बाद सभी कर्मचारी कोतवाली थाने में एकत्र हो गए। आरोपित पार्षद व उसके साथियों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि लक्ष्मण प्रसाद साहू निवासी महाकाल वाणिज्य केंद्र कोयला फाटक स्थित फायर ब्रिगेड में प्रभारी कार्यपालन यंत्री एवं प्रभारी फायर आफिसर के पद पर पदस्थ हैं।
रविवार को साहू नगर निगम मुख्यालय से शाम करीब पौने पांच बजे फायर ब्रिगेड के कार्यालय पहुंचे थे, जहां दो व्यक्ति कर्मचारियों से बहस कर रहे थे। जैसे ही साहू वहां पहुंचे, तो विवाद कर रहे लोगों ने साहू से अभद्रता शुरू कर दी। इस दौरान भाजपा पार्षद राजेश उर्फ बंटी बाथम व उसके साथियों ने साहू के साथ मारपीट कर अभद्रता कर दी।
बताया जा रहा है कि शव वाहन समय पर नहीं भेजने को लेकर विवाद किया जा रहा था। पुलिस ने भाजपा पार्षद राजेश बाथम व उसके साथियों के खिलाफ धारा 296, 115 (2), 121 (1), 132, 3 (5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है। फायर अधिकारी से पार्षद सहयोगी द्वारा मारपीट किए जाने के बाद किसी भी वरिष्ठ अधिकारी के मौके पर ना आने से दमकलकर्मी आक्रोशित हो गए। कर्मचारियों ने फायर ब्रिगेड व अन्य वाहन आगर रोड पर खड़े कर रास्ता जाम कर दिया।