
उज्जैन। देवासगेट के बजाए नानाखेड़ा स्टैंड से प्रमुख रूटों की बसें चलाने के विरोध में चल रही निजी बस ऑपरेटरों की हड़ताल सोमवार शाम खत्म हो गई है। मंगलवार से बसें चलने लगेंगी। प्रशासन और ऑपरेटरों के बीच हुई बैठक में तय हुआ कि इंदौर और देवास रूट की गाड़ियां नानाखेड़ा से चलाई जाएंगी। शेष सभी रूटों की देवासगेट से। तीन माह बाद इस व्यवस्था की समीक्षा कर निर्णय लिया जाएगा।
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में 1 मार्च से नानाखेड़ा स्टैंड से इंदौर, बड़नगर आदि रूट की बसें भी चलाने का निर्णय लिया गया था। इसके विरोध में बस ऑपरेटर रविवार को हड़ताल पर चले गए थे। सोमवार को दिनभर चर्चा का दौर जारी रहा। कंट्रोल रूम पर बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि समिति के निर्णयानुसार बसें नानाखेड़ा से चला रहे हैं।
ऑपरेटरों का कहना था कि कम से कम इंदौर रूट को छोड़ अन्य मार्गों की गाड़ियां देवासगेट से चलाएं। प्रशासन के साथ चर्चा के बाद ऑपरेटरों ने बैठक की। आखिरकार वे इस बात पर राजी हो गए कि हरिफाटक ब्रिज की शाखा का काम तीन माह पश्चात पूरा होने के बाद इस व्यवस्था की समीक्षा कर फिर फैसला लिया जाए। इसके बाद हड़ताल खत्म करने की घोषणा कर दी गई।
समीक्षा करेंगे
इंदौर और देवास रूट की बसें नानाखेड़ा से ही चलेंगी। ऑपरेटरों को आश्वस्त किया है, तीन माह बाद फिर समीक्षा की जाएगी। -कवींद्र कियावत, कलेक्टर, उज्जैन