उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। पश्चिम रेलवे का बिना गार्ड मालगाड़ी के संचालन की अनुमति देना रेलवे के सुरक्षित संचालन के लिए खतरनाक हो सकता है। रेल प्रशासन द्वारा बगैर सोचे यह आदेश जारी कर दिया है। यह अतार्किक है इस आदेश को रेल प्रशासन तुरंत रद्द करना चाहिए नहीं तो रेल कर्मचारी जल्द ही बड़ा आंदोलन करेंगे।
यह बात गुरुवार को संघ के जोनल महामंत्री एवं एनएफआइआर के सहायक महामंत्री आरजी काबर ने रेल कर्मचारियो को संबोधित करते हुए कही। रेलवे कम्युनिटी हाल में वेस्टर्न रेलवे मजदूर संघ रतलाम मंडल की मंडल कार्यकारिणी की बैठक एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। इसमें मुख्य अतिथि काबर ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा रेल कर्मचारियों की रात्रि भत्ते पर रोक लगा दी है। इस रोक की आलोचना की गई। रेलवे की उत्पादक इकाइयों के निगमीकरण एवं निजी ट्रेनों के संचालन को रेल कर्मचारियों एवं देशहित के विरुद्ध बताते हुए इस पर अंकुश लगाने की मांग की। बैठक में जोनल अध्यक्ष शरीफ खान पठान ने अध्यक्षीय उदबोधन में कर्मचारी एकता को संगठन की बहुत बड़ी ताकत बताते हुए एक जुट होकर रेल कर्मचारियों के हित मे कार्य करने का आग्रह मजदूर संघ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से किया।
पूर्व मंडल मंत्री का किया सम्मान
सभा के दौरान वेस्टर्न रेलवे मजदूर संघ रतलाम के पूर्व मंडल मंत्री बीके गर्ग की सेवानिवृत्ति पर संघ की उज्जैन शाखा, गार्ड काउंसिल द्वारा प्रतीक चिंह भेंट कर सम्मान किया गया। स्वागत भाषण मंडल मंत्री अभिलाष नागर दिया। कार्यक्रम को मंडल अध्यक्ष रफ़ीक मंसूरी ने भी संबोधित किया। कार्यकरिणी बैठक में भावनगर के मंडल मंत्री बीएन डाबी, पूर्व मंडल मंत्री आरकेबी राठोड़, पूर्व मंडल अध्यक्ष जसविंदर सिंह, बीएल सूर्यवंशी, मजदूर संघ के रतलाम मंडल के पदाधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम में रतलाम, चित्तोड़गढ़, दाहोद, मंदसौर, नीमच ,शुजालपुर, इंदौर, महू आदि शाखाओं के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन चेतन्य चौधरी ने किया एवं आभार प्रदर्शन शाखा अध्यक्ष एसके यादव ने माना।