
नईदुनिया न्यूज, नागदा जंक्शन। भारत कॉमर्स हायर सेकंडरी स्कूल के प्राचार्य द्वारा विद्यार्थियों को मुर्गा बनाकर लात से मारने का वीडियो बहुप्रसारित होने व पुलिस थाने में शिकायत के सात दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस व शिक्षा विभाग जांच करने की बात कर रहा है। अभिभावकों ने जनसुनवाई में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग कर चेतावनी दी है कि 24 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो स्कूल के सामने धरने पर बैठेंगे।
भारत कॉमर्स हायर सेकंडरी स्कूल के प्राचार्य केबी गुप्ता द्वारा विद्यार्थियों को मुर्गा बनाकर लातों से मारने का वीडियो बहुप्रसारित होने के बाद शिक्षा विभाग के बीईओ गुरुदत्त जोशी ने स्कूल में जाकर जांच की। इसमें प्राचार्य गुप्ता की गलती सामने आई। इनके खिलाफ प्रतिवेदन भी बनाकर जोशी ने जिला शिक्षा अधिकारी को भेज दिया।
अभिभावक दिनेश सिसोदिया ने बिरलाग्राम पुलिस को प्राचार्य गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए वीडियो के साथ शिकायत की। सात दिन बीत जाने के बावजूद बिरलाग्राम पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज करने की जगह अभी तक दोनों पक्षों के बयान लेकर मामले को ठंडे बस्ते में डाला जा रहा है।
मंगलवार को जनसुनवाई में अभिभावक दिनेश पुत्र रतनलाल सिसौदिया व रानू पुत्र आजादसिंह यादव ने प्राचार्य गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई करने को लेकर पत्र दिया। उसमें मांग की गई कि 24 घंटे में प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो स्कूल के सभी पूर्व छात्र व अभिभावकों के साथ मिलकर विद्यालय गेट के सामने अनिश्चितकालीन धरना देंगे। अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया कि प्राचार्य गुप्ता का यह पहला कारनामा नहीं है।
पूर्व में भी बच्चों के बाल काटे थे, छोटी-छोटी बातों पर बच्चों के साथ मारपीट करते हैं। तहसीलदार मधु नायक ने मामले में की गई जांच की जानकारी देते हुए जल्द ही कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। बता दें कि गुप्ता जब नवोदय विद्यालय के प्राचार्य थे, तब भी उनके खिलाफ कई शिकायतें हुई थीं।
दोनों पक्षों के बयान लिए हैं। मामले की जांच चल रही है। जितेंद्र पाटीदार, टीआई, बिरलाग्राम थाना नागदा।