
उज्जैन। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नंदन दुबे 29 मई को उज्जैन आकर सिंहस्थ-2016 की तैयारियों का जायजा लेंगे। पुलिस कंट्रोल रूम पर पॉवर पाइंट प्रजेंटेशन के जरिए सिंहस्थ में भीड़ के प्रबंधन और सुरक्षा के लिए उठाए जाने वाले कदम की जानकारी दी जाएगी। बैठक पश्चात वे सिंहस्थ के कार्य भी देखेंगे।
डीजीपी दुबे सुबह 10 बजे 15 से ज्यादा एडीजी, आईजी रैंक के अफसरों के साथ उज्जैन पहुंचेंगे। फिर 11.30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में विभागीय अफसरों की समीक्षा बैठक लेंगे। आईजी वी मधुकुमार व एसपी अनुराग पॉवर पाइंट प्रजेंटेशन के जरिए उन्हें सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर किए जाने वाले उपायों को बताएंगे। बैठक के बाद डीजीपी दुबे अफसरों को साथ लेकर रामघाट पर बन रहे वॉच टॉवर व कंट्रोल रूम के प्रस्तावित स्थल पर जाएंगे। डीजीपी व अन्य अफसरों के आने की खबर लगते ही महकमा तैयारियों में जुट गया। मंगलवार को एसपी पीपीटी बनवाते रहे।