
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के गौतम मार्ग काजीपुरा में 19 वर्षीय छात्रा के अपहरण के मामले में बुधवार सुबह नया मोड़ आ गया। छात्रा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने रस्सी गली निवासी ध्रुव कुमावत सहित दो-तीन लोगों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया था।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की तलाश कर रही थी। इसी बीच छात्रा और आरोपित युवक ध्रुव का वीडियो सामने आया, जिसमें दोनों ने अपनी मर्जी से साथ जाने की बात कही है। दोनों ने शादी करने की बात कहते हुए परिवार से उन पर दबाव नहीं बनाने की अपील की है।

छात्रा वीडियो में कह रही है कि वह अपनी मर्जी से कार में बैठी थी। उसका कहना है कि उसकी दीदी ने उसका हाथ पकड़ लिया था, इसलिए ध्रुव ने उसे खींचकर कार में बैठाया। वहीं ध्रुव ने भी छात्रा के साथ अपनी इच्छा से जाने और उससे शादी करने की बात कही है।
दोनों ने एक-दूसरे के परिवार से दबाव नहीं बनाने को कहा है। वीडियो में दोनों यह भी कह रहे हैं कि हमने शादी कर ली है और दो-चार दिन में हम खुद ही आ जाएंगे। वीडियो में ध्रुव का कहना है कि वह लड़की से चार साल से बात कर रहा था।
उज्जैन में घर के बाहर बैठी छात्रा का अपहरण, फिर वीडियो सामने आया- अपनी मर्जी से आई हूं https://t.co/RU5gidV4xz#Ujjain #MadhyaPradesh #Kidnap pic.twitter.com/PngYbllBOy
— NaiDunia (@Nai_Dunia) September 30, 2026
मंगलवार रात करीब नौ बजे छात्रा घर के बाहर बैठी थी। इसी दौरान बगैर नंबर की कार में आए दो-तीन युवक उसे कार में बैठाकर ले गए थे। यह घटनाक्रम क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था। इसके बाद छात्रा के पिता रईस खान ने पुलिस को सूचना दी थी। रईस खान यातायात थाने में अटैच नगर निगम की क्रेन के ड्राइवर हैं।
उज्जैन में घर के बाहर बैठी छात्रा का अपहरण, फिर वीडियो सामने आया- अपनी मर्जी से आई हूं https://t.co/RU5gidV4xz#Ujjain #MadhyaPradesh #Kidnap pic.twitter.com/2waXHenSft
— NaiDunia (@Nai_Dunia) September 30, 2026
पिता ने ध्रुव के घर के पास की किराना दुकान पर अक्सर आने की जानकारी देते हुए उस पर संदेह जताया था। पुलिस ने ध्रुव सहित अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू की। अब छात्रा के वीडियो बयान के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज, वीडियो और अन्य साक्ष्यों का मिलान कर रही है। छात्रा के बयानों और घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही मामले की तस्वीर साफ होगी।