
Film Shooting in Mahakal Temple: उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में सितंबर माह के पहले सप्ताह में फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार और परेश रावल की फिल्म ओ माय गाड-2 की शूटिंग होगी। मंदिर के भीतर तथा आसपास के क्षेत्र में विभिन्न दृश्यों का फिल्मांकन किया जाएगा। बताया जाता है फिल्म की शूटिंग को लेकर मेकर्स ने अनुमति ली है।
उल्लेखनीय है कि सन 1981 में प्रसिद्ध अभिनेत्री रेखा की फिल्म मंगलसूत्र की शूटिंग महाकाल व मंगलनाथ मंदिर में हो चुकी है। इससे पहले 1975 आई धार्मिक फिल्म जय संतोषी माता की शूटिंग भी हरसिद्धि मंदिर के पीछे स्थित प्रसिद्ध संतोषी माता मंदिर में हो चुकी है। इसके अलावा विभिन्ना टीवी सीरियल, वेबसीरिज आदि की भी शूटिंग धर्मधानी में हो चुकी है।
इनका कहना है
महाकाल मंदिर व आसपास सितंबर माह में फिल्म की शूटिंग होगी। कुछ दृश्य मंदिर के भीतर भी फिल्माए जाएंगे।
-पूर्णिमा सिंगी, तहसीलदार व सहायक प्रशासक, महाकाल मंदिर
भगवान महाकाल को चांदी का छत्र भेंट
उज्जैन। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में गुरुवार को भोपाल निवासी अभिलाषा दुबे ने भगवान महाकाल के श्रंंगार हेतु 2 किलो 663 ग्राम चांदी का छत्र भेंट किया। इसी प्रकार महु निवासी दीपक सोनाने ने चांदी की 108 रूद्राक्ष की माला भेंट की। सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने दान सामग्री प्राप्त कर मंदिर समिति की ओर से दानताओं को रसीद प्रदान की।
महाकाल मंदिर में 13 से 16 अगस्त तक चार दिन आस्था उमड़ेगी। इन दिनों में प्रमुख धार्मिक व राष्ट्रीय पर्व तथा अवकाश के दिन होने से देशभर से आस्थावान भगवान महाकाल के दर्शन करने पहुंचेंगे। मंदिर के आसपास की होटल व धर्मशालाओं में इन तारीखों के अधिकांश कक्ष बुक हैं। मंदिर समिति व जिला प्रशासन को भीड़ भरे इन चार दिनों के लिए अतिरिक्त इंतजाम करना पड़ेंगे।