
बड़नगर। उज्जैन जिले की बडनगर तहसील के ग्राम भिड़ावद-लोहारिया में सदियों से दीपावली के दूसरे दिन पड़वा पर एक अनूठी एवं रोमांचक परंपरा चली आ रही है। इस परंपरा में मन्नत मांगने वाले युवक पांच दिन तक ग्राम के बाहर स्थित मां भवानी माता के मंदिर में ही रहकर पूजा-अर्चना तथा उपवास करते हैं। पड़वा पर नवयुवकों द्वारा मां भवानी से अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर सुबह ग्रामवासियों द्वारा थाली में नारियल, पुष्पमाला तथा भवानी माता के लिए चुनरी के साथ ग्राम में भ्रमण करवाया जाता है। तत्पश्चात् नवयुवक एक संकरी गली के मुहाने पर जाकर पंक्तिबद्ध होते हैं और इस गली के सामने वाली गली के मुहाने पर ग्राम की अनेक गायों के झुंड को लेकर ग्रामवासी खड़े हो जाते हैं।
इसके बाद एक नवयुवक थाली के साथ प्रतीकात्मक रूप से गो माता के सिर पर मां भवानी की चुनरी को बांधते हैं तथा गो माता की गौरी माता के रूप में वंदना करता है। इसके बाद वह युवक अपने साथियों के साथ सम्मिलित होकर सड़क के मध्य चार-पांच के समूह में जमीन पर औंधे मुंह लेट जाते हैं। उस समय ग्रामीणजन गायों के झुंड़ को तेजी से हंकाते हुए दौड़ा देते हैं। गाय पल भर में मन्नती नवयुवकों के शरीर पर पैर रखती हुई गुजर जाती हैं। धतुरिया के अर्जुन सिंह बताते हैं कि शांति और समृद्धि के लिए की जाने वाली यह परंपरा आज भी जारी है।
ग्रामीणों का विश्वास है कि उनका भविष्य सदैव सुखमय रहेगा तथा ग्राम में सुख, शांति तथा समृद्धि बनी रहेगी। युवकों को इसके बाद ग्रामवासी पुष्पहार से स्वागत कर गले लगाते हैं तथा पूरे गांव में जुलूस निकाला जाता है। वरिष्ठ लोगों के मुताबिक यह परंपरा करीब तीन सौ वर्ष से चली आ रही है। अभी तक उन्होंने अपने जीवन में किसी भी व्यक्ति को घायल अवस्था में या शारीरिक चोट लगते हुए नहीं देखा। यह सब वे भवानी माता के पुण्य प्रताप का फल मानते हैं।