
Ganga Dussehra 2023: उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। गंगा दशमी पर मंगलवार को नीलगंगा चौराहा स्थित श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा में गंगा दशहरा महोत्सव का आयोजन होगा। सुबह सिंहस्थ की तरह पेशवाई निकाली जाएगी। इसके बाद तेरह अखाड़ों के साधु संत नीलगंगा सरोवर में शाही स्नान करेंगे। शाम को गंगा माता को चुनरी अर्पित कर महाआरती की जाएगी। इसके बाद महाप्रसादी का आयोजन होगा।श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के मुख्य संरक्षक श्रीमहंत हरिगिरी महाराज ने बताया कि जूना अखाड़ा द्वारा 2017 से लगातार नीलगंगा घाट पर गंगा दशहरा महोत्सव का आयोजन करता रहा है।
इस वर्ष अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और पंचायती श्री निरंजनी अखाड़ा के सचिव श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज के सानिध्य में विभिन्न अखाड़ों के संत महंत शाही स्नान में शामिल होंगे। सिहंस्थ पड़ाव स्थल नीलगंगा से सुबह 6:30 बजे पेशवाई प्रारंभ होगी जो नीलगंगा चौराहा होते हुए जूना अखाड़ा घाट पहुंचेगी। यहां जूना अखाड़ा नीलगंगा के देवता का स्नान विधि विधान से होगा। उसके बाद साधु संत नीलगंगा सरोवर में स्नान करेंगे। शाम को मां नीलगंगा की महाआरती के साथ ही संतों ओर भक्तजनों का विशाल भंडारा आयोजित किया जा रहा है।
इंदौर से आए संगीत दल द्वारा शिव स्तुति एवं निनाद नृत्य अकादमी की बालिकाओं द्वारा गंगा स्तुति की प्रस्तुतियां होगी। गंगा दशहरा महोत्सव में शामिल होने जूना अखाड़ा के वरिष्ठ महामंडलेश्वर गोकर्ण पीठाधीश्वर स्वामी कपिल पुरी जी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी महेंद्र आनंद गिरी महाराज, महामंडलेश्वर चेतना माता, महामंडलेश्वर श्रद्धा गिरी माता, महामंडलेश्वर शैलेश आनंद गिरी गुजरात, सहित जूना अखाड़ा के अन्य साधु संत उज्जैन पहुंचने लगे हैं।
गंगा दशहरा महोत्सव में शामिल होने आ रहे विभिन्न अखाड़ों के साधु संतों की बैठक 30 मई को नीलगंगा पर होगी।अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्रपुरीजी महाराज की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में सिंहस्थ 2028 को लेकर की जाने वाली तैयारियों पर मंथन होगा। साधु संत शिप्रा स्वच्छता व सिंहस्थ क्षेत्र में हो रहे अतिक्रमण को लेकर विचार विमर्श करेंगे।
गंगा दशहरा पर मंगलवार को अंकपात क्षेत्र स्थित श्री विष्णु सागर परिसर में स्थित श्री मार्कंडेश्वर महादेव मंदिर में श्री शिवगंगा महायज्ञ का आयोजन होगा। पं.यश पंडया ने बताया उज्जयिनी महाकाल तंत्र साधना पीठ शिक्षण व धार्मिक व सामाजिक संस्थान के सानिध्य में विश्व कल्याण व लोकमंगल की कामना से गंगा दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
संस्था अध्यक्ष व ब्रह्मऋषि जय गुरुजी के सानिध्य में मंगलवार सुबह 6 बजे मार्कंडेश्वर महादेव व नृत्याकार हनुमानजी का गंगा जल से अभिषेक कर पूजा अर्चना की जाएगी। सुबह 11 बजे से शिवगंगा महायज्ञ का शुभारंभ होगा। शाम 7 बजे यज्ञ की पूर्णाहुति उपरांत गंगाजी की महाआरती होगी। इसके बाद भंडारा महाप्रसादी का आयोजन होगा।