
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर के सामने शुक्रवार सुबह एक पिता ने अपनी पुत्री को चाकू मार दिया। लोगों ने युवती को बचाया और उपचार के लिए चरक अस्पताल पहुंचाया। आरोपित अपनी पुत्री का विवाह पांच लाख रुपये लेकर कराना चाहता है, जबकि उसकी पत्नी ने इससे इनकार कर दिया। आरोपित 16 वर्ष पूर्व पत्नी व बच्चों को छोड़कर चला गया था।
महाकाल पुलिस ने बताया कि श्री महाकालेश्वर मंदिर के बाहर गेट नंबर 1 के सामने रुद्राक्ष की माला और अन्य धार्मिक सामग्री बेचने वाली लड़की पर उसके पिता वरसना ने चाकू से हमला कर दिया। आरोपित पिता ने पुत्री पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए थे, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गई। मौके पर मौजूद लोगों ने युवती को बचाया, इस दौरान आरोपित पिता वहां से भाग निकला। घायल युवती को लोगों ने उपचार के लिए चरक अस्पताल पहुंचाया। वहीं घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को भी दी।
युवती पारदी समुदाय से है। वह अपनी मां माना बाई के साथ कार्तिक मेला मैदान क्षेत्र में डेरे में रहती है और महाकाल मंदिर के सामने रूद्राक्ष की माला व अन्य धार्मिक सामग्री बेचती है। युवती की मां मानाबाई ने पुलिस को बताया कि आरोपित पिता वरसना करीब 16 साल पूर्व उसे छोड़कर चला गया था।
अब पुत्री बड़ी हो गई तो वह उसकी शादी पांच लाख रुपये लेकर कराना चाहता है। रुपये के लालच में वह कई दिनों से शादी का दबाव बना रहा था, जबकि दोनों मां-बेटी इस शादी के पक्ष में नहीं थे। मां-बेटी के इनकार के बाद पिता गुस्से में आ गया और शुक्रवार सुबह इस वारदात को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें- MP हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, अगर कर्मचारी काम करने का इच्छुक है, तो 'नो वर्क नो पे' का नियम लागू नहीं होगा
मामले में टीआई गगन बादल ने बताया कि पारदी परिवार के बीच आपस में विवाद हुआ है। पिता ने बेटी को चाकू मारकर घायल कर दिया है। आरोपित को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।