
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। माधव क्लब में मंगलवार शाम दूध डेयरी संचालक व प्रापर्टी कारोबारी नरेश वासवानी और पूर्व होटल संचालक शेखर श्रीवास के बीच मारपीट हो गई। दोनों के बीच लंबे समय से जमीन और होटल से जुड़े मामले को लेकर विवाद चला आ रहा है।
मंगलवार को दोनों आमने-सामने हुए तो घूरने की बात पर विवाद शुरू हुआ और मारपीट तक पहुंच गया। घटना में दोनों घायल हुए हैं। नीलगंगा पुलिस ने शेखर श्रीवास की शिकायत पर नरेश वासवानी के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं नरेश वासवानी माधव क्लब रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती हुआ है।
पुलिस के अनुसार शेखर श्रीवास निवासी सुदामा नगर व नरेश वासवानी निवासी गीता कॉलोनी दोनों ही माधव क्लब आते-जाते हैं। मंगलवार शाम को दोनों के आमना-सामना होने के बाद हुए विवाद में मारपीट हो गई। शेखर श्रीवास के चेहरे पर चोट आई है।
पुलिस ने उनका चरक अस्पताल में मेडिकल करवाया है। नीलगंगा टीआई तरुण कुरील के अनुसार प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश के चलते घूरने की बात पर विवाद और मारपीट होना सामने आया है। फिलहाल एक पक्ष की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया गया है।
दोनों पक्षों के बीच जमीन और होटल को लेकर लंबे समय से विवाद बताया जा रहा है। शेखर श्रीवास की होटल शांति पैलेस को कुछ वर्ष पहले नगर निगम ने विस्फोटक लगाकर तोड़ा था। बताया जाता है कि वासवानी की शिकायत पर जांच और कार्रवाई हुई थी। तब से रंजिश और बढ़ गई। मामले में पुलिस और भी कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।