उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। कोरोना काल के दो साल बाद शहर में रंगपर्व का उल्लास नजर आ रहा है। गुरुवार रात शहर में सांस्कृतिक रतजगा होगा। मालीपुरा में 75 वें अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। महाकाल मंदिर के सामने भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। शहर में 200 से अधिक स्थानों पर आयोजित होली उत्सव में भी परंपरा के रंग नजर आएंगे। सारी रात युवा रंग तरंग की मस्ती में उत्सव का आनंद लेंगे।
मालीपुरा सांस्कृतिक समिति द्वारा गुरुवार रात 75 वां अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में आमंत्रित कविगणों में सुनील समैया बीना, कुलदीप रंगीला देवास, हिमांशु भावसार झाबुआ, राहुल शर्मा शाजापुर, रोहित झन्नााट इंदौर, शंकरसिंह सिसौदिया महिदपुर, जितेंद्र परमार उज्जैन हास्य व्यंग्य की रचनाओं से श्रोताओं को आनंदित करेंगे। कार्यक्रम का संचालन कवि दिनेश दिग्गज करेंगे। आयोजन स्थल पर मनोहारी पुष्प सज्जा की जाएगी। इधर महाकाल इंटरनेशनल चौराहा मित्रमंडल उज्जैन द्वारा महाकाल मंदिर के सामने गुरुवार शाम 7 बजे भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। सुप्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी भजनों की प्रस्तुति देंगे। संयोजक ऋषभ बाबू यादव ने नगरवासियों ने होली महोत्सव में शामिल होने का अनुरोध किया है।
शिप्रा तट पर फाग महोत्सव
मोक्षदायिनी शिप्रा के रामघाट पर गुरुवार शाम 5 बजे फाग महोत्सव मनाया जाएग। उत्सव का आरंभ शिप्रा पूजन के साथ होगा। इसके बाद तीर्थपुरोहित ब्रज की तर्ज पर रंग, गुलाल व फूलों से होली खेलेंगे। पश्चात विश्व कल्याण की कामना से माता शिप्रा की आरती होगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में तीर्थपुरोहित तथा उनके परिवार के सदस्य शामिल होंगे।
होली स्थापना में भी विविधता के रंग
-संतोषी माता मंदिर में होलिका की गोद में बैठे भक्त प्रहलाद की झांकी सजाई जाएगी। महिलाएं होलिका का पूजन करेंगी। शुक्रवार तड़के 4 बजे होलिका का दहन होगा। मंदिर में आकर्षक पुष्प व विद्युत सज्जा होगी।
-रामघाट पर तीर्थपुरोहितों द्वारा नारियल होली का निर्माण किया जाएगा। शहर की इस अनूठी होली में केवल नारियल का उपयोग होता है।
-सिंहपुरी में गुर्जरगौड़ ब्राह्मण समाज द्वारा गाय के गोबर से बने पांच हजार कंडों द्वारा होलिका का निर्माण किया जाएगा।
रंगपंचमी पर होगी रापट रोलिया होली
रंगपंचमी पर 22 को स्वर्णिम भारत मंच के तत्वावधान में गोपाल मंदिर पर रापट रोलिया होली का आयोजन होगा। युवा टमाटर से होली खेलेंगे। कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्धजन भी शामिल होंगे। संस्था द्वारा गोपाल मंदिर पर पूर्व में आयोजित होने वाली रंग-रंगीली होली उत्सव को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम की शुरुआत की जा रही है।
------