
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। पुराने शहर के बाजारों में सड़क चौड़ीकरण का काम अब बाधक निर्माण हटाने और नालियां बनाने के चरण में है। खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक कई भवनों के प्रभावित हिस्से हटाए जाना बाकी हैं। दूसरी ओर महावीर मार्ग से तिलकेश्वर तक चौड़ीकरण के साथ नाली और बाउंड्रीवॉल निर्माण की चुनौती है।
सिंहस्थ-2028 से पहले इन दोनों मार्गों को यातायात के लिए बेहतर बनाने के लक्ष्य के बीच बुधवार को निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर काम की स्थिति देखी। उन्होंने खजूर वाली मस्जिद मार्ग पर शेष भवनों की तोड़ाई अगले 15 दिनों में पूरी करने और मलबा रात में हटाने के निर्देश दिए। स्पष्ट किया कि तोड़ाई के बाद नाली निर्माण में देरी नहीं होनी चाहिए।
खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक करीब 730 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। चौड़ीकरण में प्रभावित भवनों के हिस्से हटाए जा रहे हैं। निगम आयुक्त ने निर्देश दिए कि निर्धारित मार्किंग के अनुसार शेष भवनों की तोड़ाई 15 दिन में पूरी की जाए। मलबा रात की शिफ्ट में हटाया जाए, ताकि दिन में बाजार और रहवासियों की आवाजाही बाधित न हो। भवनों के प्रभावित हिस्से हटते ही नाली निर्माण शुरू करने को कहा गया है।
आयुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि निर्माण के दौरान स्थानीय नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा का ध्यान रखा जाए। उल्लेखनीय है कि कई नागरिकों ने स्वयं अपने भवनों के प्रभावित हिस्से हटाकर चौड़ीकरण में सहयोग किया है।
गौतम मार्ग यानी महावीर मार्ग से तिलकेश्वर तक करीब 650 मीटर सड़क को 12 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। यहां निगम आयुक्त ने मशीनरी और संसाधनों की संख्या बढ़ाकर निर्माण तेज करने को कहा। नाली निर्माण शीघ्र पूरा करने के साथ नई बाउंड्रीवॉल का काम भी प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए।
दोनों मार्ग पुराने शहर की यातायात व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण हैं। चौड़ीकरण पूरा होने पर बाजार क्षेत्र में आवाजाही सुगम होने और सिंहस्थ के दौरान यातायात दबाव कम करने में मदद मिलेगी। हालांकि, निर्माण एजेंसियों के सामने अब निर्धारित समय में तोड़ाई, नाली, सड़क और बाउंड्रीवॉल के काम पूरे करने की चुनौती है। निगम आयुक्त ने संबंधित एजेंसियों, कंसल्टेंट और टाटा कंपनी के प्रतिनिधियों को पर्याप्त संसाधन लगाकर गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।