
Love Jihad in Ujjain: उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। माधवनगर थाना क्षेत्र निवासी युवती से तराना के शाकिब ने खुद का नाम मोहित बताकर इंटरनेट मीडिया इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर ली। इसके बाद उसे आगर रोड स्थित एक कमरे पर ले जाकर दुष्कर्म कर अश्लील फोटो व वीडियो बना लिए। जिसके बाद लगातार उससे छह माह तक दुष्कर्म किया। युवती ने मिलने से मना कर दिया तो दो दिन पूर्व उसके घर में घुसकर हंगामा भी किया। माधवनगर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि थाना क्षेत्र निवासी 19 वर्षीय युवती से तराना निवासी शाकिब मिर्जा नामक युवक ने इंस्टाग्राम पर खुद को मोहित बताकर दोस्ती कर ली। दो माह तक दोनों के बीच मैसेज व फोन पर बात होती रही। इसके बाद शाकिब ने उसे मिलने के लिए फ्रीगंज बुलाया और फिर बाइक पर बैठाकर उसे आगर नाके पर दोस्त के कमरे में ले जाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और फोटो तथा वीडियो भी बना लिया। जिसे वायरल करने की धमकी देकर कई बार उसके साथ दुष्कर्म करता रहा।
कुछ समय पूर्व से युवती ने बात करना बंद कर दिया तो वह उसे धमकाने लगा। दो दिन पूर्व भी शाकिब युवती के घर में घुस गया और वहां जमकर हंगामा किया। मामले को लेकर स्वजन ने हिंदूवादी संगठन के लोगों से चर्चा की थी। जिसके बाद बजरंग दल के संयोजक अंकित चौबे ने एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ला से शिकायत की। जिसके बाद पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया है।