
Maha Shivratri 2024: नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में शिवनवरात्र के दूसरे दिन शुक्रवार को भगवान महाकाल का शेषनाग शृंगार किया गया। भक्त भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर मुग्ध हो गए। राजा के आंगन में शिव विवाह के मौके पर हुई विद्युत रोशनी की जगमगाहट देख मन मयूर हो रहा है। झांझ, डमरू, ढोल, शहनाई आदि मंगलवाद्यों की मधुर ध्वनि कानों में मिश्री घोल रही है। देशभर से भक्त इस आनंदोत्सव में शामिल होने के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं।
VIDEO | Shiva Navratri Festival being celebrated at #Ujjain's Mahakaleshwar Temple.
"On the second day of the festival, Lord Mahakal has been decorated with 'bhang'. The darshan today will be in 'Sheshnag' form," says Vijay Pujari, priest of the Mahakaleshwar Temple.… pic.twitter.com/X0w1eCMxPD
— Press Trust of India (@PTI_News) March 2, 2024
ज्योतिर्लिंग की परंपरा अनुसार शुक्रवार सुबह सर्वप्रथम कोटितीर्थ कुंड के समीप स्थित श्री कोटेश्वर महादेव मंदिर में पूजा हुई। पुजारी पं.घनश्याम शर्मा ने भगवान का पंचामृत अभिषेक कर पोडषोपचार पूजन किया। पश्चात भगवान कोटेश्वर व उमा महेश्वरी को हल्दी लगाई गई। नैवेद्य आरती व मंत्रपुष्पांजलि के बाद सुबह 9.30 बजे से गर्भगृह में भगवान महाकाल की पूजा शुरू हुई।
भगवान के पंचामृत अभिषेक के बाद 11 ब्राह्मणों ने एकादशी रूद्रपाठ किया। दोपहर करीब 1 बजे भगवान का हल्दी, चंदन से शृंगार कर भोग आरती की गई। दोपहर 3 बजे संध्या पूजन के बाद भगवान का शेषनाग रूप में शृंगार किया गया। शिव नवरात्र के तीसरे दिन फाल्गुन कृष्ण सप्तमी पर शनिवार को भगवान का घटाटोप स्वरूप में शृंगार होगा।