Mahakal Bhasm Aarti Darshan: महाकाल मंदिर में भस्मारती के दर्शन पुनः शुरू
Mahakal Bhasm Aarti Darshan: कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर के चलते बीते 55 दिन से भस्मारती दर्शन पर रोक लगा रखी थी।
By Nai Dunia News Network
Edited By: Nai Dunia News Network
Publish Date: Sat, 19 Feb 2022 10:38:41 PM (IST)
Updated Date: Sun, 20 Feb 2022 02:46:09 PM (IST)

Mahakal Bhasm Aarti Darshan: उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में शनिवार से एक बार फिर भस्मारती दर्शन की शुरुआत हुई। पहले दिन 109 भक्तों ने भस्मारती के दर्शन किए। मंदिर प्रशासन ने पंडे, पुजारी के यजमान तथा वीआइपी को शुक्रवार शाम को ही दर्शन की अनुमति जारी कर दी थी। इसके बाद मीडिया को शनिवार से भस्मारती शुरू करने की जानकारी दी। सूचना के अभाव में पहले दिन काफी कम लोग पहुंचे। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर के चलते बीते 55 दिन से भस्मारती दर्शन पर रोक लगा रखी थी। शुक्रवार रात समिति ने जानकारी दी कि शनिवार से भस्मारती दर्शन की शुरुआत होगी। श्रद्धालु मंदिर के काउंटर से आफलाइन अनुमति प्राप्त कर सकते हैं। इधर अधिकारियों ने शुक्रवार रात 109 लोगों को दर्शन की अनुमति जारी कर दी। इन श्रद्धालुओं ने शनिवार तड़के गणेश मंडपम में बैठकर भस्मारती के दर्शन किए। रविवार से आम भक्तों को भस्मारती के दर्शन होंगे।
निश्शुल्क कोटा फुल
समिति ने सामान्य दर्शनार्थियों के लिए प्रतिदिन निश्शुल्क 100 सीट आरक्षित की है। शनिवार सुबह 10 बजे बुकिंग काउंटर खुलते ही आधे घंटे में 100 सीट फुल हो गईं। पुजारी, पुरोहितों ने अपने यजमानों के लिए और प्रोटोकाल के तहत करीब 250 भक्तों ने अनुमति कराई है। बताया जाता है मंदिर प्रशासन फिलहाल अधिकतम एक हजार लोगों को दर्शन की अनुमति जारी करेगा।
कोविड नियमों का पालन किया
भस्मारती में शनिवार को 109 लोगों को दर्शन की अनुमति दी गई थी। श्रद्धालुओं ने कोविड नियमों का पालन करते हुए भगवान के अलौकिक दृश्य को निहारा। -मूलचंद जूनवाल, सहायक प्रशासक, महाकाल मंदिर