Mahakal Sawari 2025: चांदी की पालकी में विराजमान होकर नगर भ्रमण पर निकले बाबा महाकाल, सड़कों पर उमड़ा आस्था का सैलाब
Ujjain News: सावन महीने के पहले सोमवार को उज्जैन में बाबा महाकाल की सवारी निकाली गई। भगवान महाकाल राजसी ठाठ बाट के साथ नगर भ्रमण पर निकले। बाबा की एक झलक पाने के लिए लोगों का हुजूम सड़कों पर देखा गया। मान्यता है कि भगवान महाकाल अपनी प्रजा का हाल जानने के लिए नगर भ्रमण पर निकलते हैं।
Publish Date: Mon, 14 Jul 2025 07:28:26 PM (IST)
Updated Date: Mon, 14 Jul 2025 07:28:26 PM (IST)
Mahakal Sawari 2025: बाबा महाकाल की पालकी। नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर से श्रावण मास में सोमवार को भगवान महाकाल की पहली सवारी निकली। भगवान महाकाल चांदी की नई पालकी में मनमहेश रूप में सवार होकर भक्तों को दर्शन देने निकले। सभा मंडप में पूजन के पश्चात शाम 4 बजे महाकाल मंदिर से सवारी शुरू हुई। परंपरागत मार्गों से होकर सवारी शाम 5.20 पर शिप्रा के रामघाट पहुंची।
सवारी मार्ग पर आस्था का उमड़ा सैलाब
यहां पांच सौ से अधिक वेदपाठी बटुकों ने अवंतिकानाथ सस्वर वेद पारायण से स्वागत किया। पूजन पश्चात सवारी महाकाल मंदिर की ओर रवाना हुई। सवारी मार्ग पर आस्था का सैलाब उमड़ा था, देशभर से आए डेढ़ लाख से अधिक भक्त भगवान महाकाल के मनमहेश रूप की एक झलक पाने के लिए घंटों खड़े रहे। शाम करीब 7.30 बजे सवारी महाकाल मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
क्या रहा खास?
5 किलो मीटर लंबा सवारी मार्ग।
4 घंटे छाया रहा भक्ति का उल्लास।
1.5 लाख से अधिक भक्तों ने किए दर्शन।
14 से अधिक दल शामिल थे कारवां में।