
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। भगवान महाकाल की सवारी में शान से चलने वाला श्यामू हाथी महाकाल की सेवा के बाद अब उज्जैन भी छोड़ गया है। श्यामू को विशेषज्ञों की निगरानी में विशेष वाहन से गुजरात के जामनगर में स्थित वनतारा भेजा गया है। बता दें श्यामू पैरों की बीमारी के कारण चलने फिरने में असहज नजर आ रहा था। चिकित्सक लगातार उपचार कर रहे थे। विशेषज्ञों के परामर्श पर श्यामू को उपचार के लिए वनतारा भेजा गया है।
श्याम का उपचार करने वाले स्थानीय वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. मुकेश जैन ने बताया श्यामू वन्य प्राणियों की सुरक्षा करने वाली देश की शीर्ष संस्थाओं की निगरानी में था। भगवान महाकाल का सेवक होने के कारण श्यामू की वैसे भी विशेष देखभाल की जा रही थी। श्यामू को इलाज के लिए बाहर भेजने की प्रक्रिया दो साल से चल रही थी।
पहले उसे आगरा स्थित भारत सरकार के सबसे बड़े वन्य जीव हास्पिटल भेजा जाना था। लेकिन वनतारा में चिकित्सा सुविधा अधिक होने के कारण उसे गुजरात भेजने का निर्णय लिया गया। वहां वन्य जीवों के उपचार के लिए विश्व स्तरीय सुविधाएं मौजूद हैं। तीन सौ डॉक्टरों की टीम हैं, जिनमें 200 डाक्टर विदेश के हैं।
इंदौर रोड स्थित सांईनाथ कालोनी में रहने वाले सरमन गिरि महाराज ने पहले रामू और फिर श्यामू हाथी को पाल रखा था। सरमन गिरि व उनके सहायकों की देखरेख में ही दोनों हाथी सवारी में शामिल होते थे। यही उनकी आजिविका साधन भी थे, बताया जाता है श्यामू को वनतारा भेजने के साथ उनके परिवार के दो सदस्यों को संस्था की ओर से नौकरी भी दी गई है, ताकि परिवार को भरण पोषण में किसी प्रकार की परेशानी का समाना ना करना पड़े।