नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन : नागपंचमी पर महाकालेश्वर मंदिर की सुरक्षा में बड़ी चूक हो गई। देवास से भाजपा विधायक का बेटा सुरक्षा इंतजामों को धता बताते हुए वाहनों के काफिले के साथ महाकाल महालोक में घुस गया। एक साथ कई गाड़ियों को भीतर घुसते देख मौके पर मौजूद कलेक्टर व एसपी सन्न रह गए। उन्होंने गाड़ी के ड्रायवरों को जमकर फटकार लगाई और गाड़ियों को जब्त किया। सभी गाड़ियों पर चालानी कार्रवाई करने के आदेश दिए।
नागपंचमी पर थे विशेष इंतजाम
नागपंचमी पर देश विदेश से हजारों श्रद्धालुओं के उज्जैन आने की संभावना को देखते हुए प्रशासन द्वारा यातायात के विशेष इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिक्षेत्र के अधिकांश मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित था, वहीं कुछ मार्ग एकांकी थे। बावजूद इसके देवास से बीजेपी की विधायक गायत्री राजे का बेटा विक्रम सिंह सुरक्षा इंतजामों को दरकिनार करते हुए वाहनों के काफिले के साथ महाकाल महालोक के नंदी द्वार से भीतर प्रवेश कर गया।
एक साथ कई गाड़ियों को भीतर आते देख मौके पर मौजूद कलेक्टर नीरज कुमार सिंह व एसपी प्रदीप शर्मा अवाक रह गए। उन्होंने तुरंत गाड़ियों को रुकवाया और चालकों को जमकर फटकार लगाई। इसके बाद वाहनों को जब्त कर लिया गया।
नागपंचमी पर भारी भीड़ के बीच वीआइपी श्रद्धालुओं को प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के बीच विवाद और कहासुनी होती रही। देर शाम को भी कुछ भाजपा नेताओं का पुलिस अधिकारियों से विवाद हो गया। बाद में मामला शांत हुआ। इस बीच कांग्रेस नेताओं ने दर्शन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों पर धांधली के आरोप लगाए हैं।